• Thu. Oct 29th, 2026

जनसुनवाई में आए 49 आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए

BySurendra Jain

Mar 12, 2024

खबर पक्की, 12 मार्च, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस दौरान 49 आवेदन प्राप्त हुए, आवेदनों के निराकरण हेतु अपर कलेक्टर आर.एस. मण्डलोई, एसडीएम त्रिलोचन गौड, संजीव पाण्डे द्वारा संबंधित विभागो के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम नगरा निवासी धुलजी ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी द्वारा भारतीय स्टेट बैंक में खाता खोला जाकर 25 हजार रुपए का ऋण प्राप्त किया गया था परन्तु बैंक द्वारा 1 लाख रुपए का लोन बताया जाकर परेशान किया जा रहा है उचित कार्यवाही की जाए। आवेदन निराकरण के लिए एलडीएम को भेजा गया है। कुन्दनपुर के ग्रामवासियों द्वारा संयुक्त रुप से दिए गए आवेदन में बताया गया कि ग्रामवासी ग्राम में ही कृषि कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हमारी भूमि वन विभाग के अन्तर्गत आती है। पूर्व में भी ग्रामवासियों द्वारा वन अधिकार भूमि पट्टा प्रदान करने के लिए आवेदन दिया था परन्तु कोई कार्यवाही नहीं की गई। ग्रामवासियों को वन अधिकार भूमि पट्टा प्रदान किया जाए। आवेदन निराकरण के लिए एसडीएम सैलाना को प्रेषित किया गया है।
सुदामा परिसर रतलाम निवासी विजय गुर्जर ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि प्रार्थी द्वारा श्रीकृष्ण सुदामा परिसर में एक भवन क्रय किया जाकर विक्रय प्रतिफल की राशि 3 लाख रुपए देकर अनुबंध पत्र संपादित करवा लिया था परन्तु प्रतिप्रार्थी द्वारा मकान का कब्जा नहीं दिया जा रहा है और रजिस्ट्री करवाने के लिए भी टालमटोल किया जा रहा है। कृपया उक्त मकान की रजिस्ट्री प्रार्थी व उसकी माता के नाम करवाने में मदद की जाए। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार शहर को प्रेषित किया गया है।
ग्राम सागोद निवासी मोहन मूणत ने अपने आवेदन में बताया कि प्रार्थी द्वारा पूर्व में धोलावाड रोड काला गौरा मंदिर के समीप हनुमान नगर में भूखण्डों को क्रय किया था जिसकी रजिस्ट्री हो चुकी है। उक्त भूखण्डों का कब्जा भी प्रार्थी के पास ही चला आ रहा है परन्तु उक्त भूखण्डों में से कुछ भूखण्ड पर समीप के भूखण्ड मालिक द्वारा सीमेंट के पोल गाढकर अनाधिकृत रुप से कब्जा कर लिया गया है। उक्त भूखण्डों का सीमांकन करवाया जाए जिससे वास्तविक भूखण्डों की स्थिति मालूम हो सके। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार शहर को भेजा गया है।
फ्रीगंज रोड रतलाम निवासी शहजाद बी. ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थिया द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अन्तर्गत आवेदन किया था। योजनान्तर्गत प्रार्थिया को डोसीगांव में निर्मित ईडब्ल्यूएस फ्लेट आवंटित किया गया था जिसकी मूल्यांकन राशि 35 हजार रुपए भी प्रार्थिया द्वारा संबंधित बैंक में जमा कर दी गई थी, परन्तु आज दिनांक तक प्रार्थिया को उक्त फ्लेट का आवंटन नहीं किया गया है। प्रार्थिया गंभीर बीमारी से ग्रस्त होने के कारण चलने-फिरने में असमर्थ है, उचित निराकरण किया जाए। आवेदन निराकरण के लिए नगर निगम को प्रेषित किया गया है।

You missed

error: Content is protected !!