• Thu. Oct 29th, 2026

सैलाना विधायक को गिरफ्तार करेगी पुलिस, प्रकरण के बाद डोडियार ने कहा- बीजेपी करा रही झूठे केस

BySurendra Jain

Mar 1, 2024

खबर पक्की, 1 मार्च, रतलाम। जिले के सैलाना से विधायक कमलेश्वर डोडियार को पुलिस गिरफ्तार करेगी। मेडिकल स्टोर संचालक से एक करोड़ रुपए की डिमांड करने के मामले में गुरुवार शाम को उनके खिलाफ गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी हुई है। विधायक के सैलाना वाले सरकारी आवास पर ताला लगा हुआ है। पुलिस को जानकारी मिली है कि शुक्रवार सुबह रतलाम और सैलाना के बीच स्थित डेलनपुर टोल नाका से उनकी गाड़ी क्रॉस हुई है।
सैलाना एसडीओपी इडला मौर्य का कहना है कि केस दर्ज हुआ है, तो गिरफ्तारी भी होगी। जानकारी जुटाई जा रही है। संबंधितों के बयान लिए जाएंगे। विधायक होने के कारण विधानसभा अध्यक्ष को भी अवगत कराया जाएगा। जो प्रक्रिया होगी उसे पूरा किया जाएगा।
इधर, एफआईआर के पहले गुरुवार को विधायक डोडियार और सैलाना के एक व्यापारी का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। आरोप है कि इसमें वो व्यापारी से पैसों की डिमांड कर रहे हैं।
विधायक डोडियार ने वीडियो जारी कर बीजेपी को घेरा
एफआईआर दर्ज होने के बाद भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार सामने तो नहीं आए, लेकिन शुक्रवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बीजेपी को घेरा है।
वीडियो में विधायक ने कहा- फर्जी बंगाली डॉक्टर के आवेदन पर मेरे खिलाफ पैसे मांगने के आरोप लगाए गए हैं। झूठी एफआईआर दर्ज की गई है। जिस फर्जी बंगाली डॉक्टर के खिलाफ सीएमएचओ व बीएमओ के माध्यम से क्लिनिक पर कार्रवाई करवाई थी, उसके पास कोई डिग्री नहीं है। अवैध तरीके से वह क्लिनिक चला रहा था। क्लिनिक का कोई रजिस्ट्रेशन नहीं है। फर्जी बंगाली डॉक्टर के खिलाफ लडऩे के लिए मुझे जेल भेजा जाता है, तो मैं डरने वाला नहीं हूं। हजार बार बीजेपी जेल में डाले।
मैं पिछले कई सालों से फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ लड़ता आ रहा हूं। मैं विधायक हूं। बीजेपी की सरकार है। रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर के युवा नौजवानों व एक-एक प्रत्येक परिवार से आह्वान है कि बीजेपी को बुरी तरह से हरवाए। मुझे बीजेपी लगातार परेशान करती आ रही है। विधायक बनने के बाद लगातार झूठे प्रकरण दर्ज कर जेल में बंद करने की कोशिश कर रही है। अन्याय के खिलाफ मैं लड़ता रहूंगा।

You missed

error: Content is protected !!