• Thu. Oct 29th, 2026

लोकसभा निर्वाचन के दौरान बैंकों से संदेहजनक लेनदेन की मॉनिटरिंग की जाएगी

BySurendra Jain

Feb 21, 2024

खबर पक्की, 21 फरवरी, रतलाम। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के अंतर्गत जिले में बैंकों से संदेहजनक लेनदेन के संबंध में सतत मॉनिटरिंग की जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी भास्कर लाक्षाकार द्वारा जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक को निर्देश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी निर्देश के अनुसार जिले की सभी बैंक शाखाओं से संदेहजनक लेनदेन की जानकारी प्रतिदिन प्राप्त की जाएगी। असामान्य तथा संदेहजनक नगद निकासी या निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान यह देखा जाएगा कि व्यक्ति द्वारा एक लाख से अधिक की राशि बैंक में जमा करवाई जा रही है जबकि पिछले दो माह के दौरान इस प्रकार की जमा व निकासी नहीं की गई हो।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान नकदी के, बिना किसी पूर्व स्थानांतरण के निर्वाचन क्षेत्र में विभिन्न व्यक्तियों के बैंक खातों में एक ही बैंक खाते से आरटीजीएस द्वारा राशि का असामान्य स्थानांतरण देखा जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्वाचन लडऩे वाले अभ्यर्थियों द्वारा दाखिल हलफनामे में उल्लेखित अभ्यर्थियों को उनके पति या पत्नी अथवा उनके आश्रितों के बैंक खातों से 1 लाख रुपए से अधिक की नगदी राशि की जमा या निकासी की जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा प्राप्त की जाएगी।
इसी प्रकार निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी राजनीतिक दल के खाते में एक लाख से अधिक नगदी राशि की जमा या नगदी की निकासी से संबंधित जानकारी प्राप्त की जाएगी। अन्य कोई संदेहजनक नगदी राशि का लेनदेन जिसका कि निर्वाचकों को रिश्वत देने में प्रयोग किया गया हो, उसकी जानकारी प्राप्त की जाएगी। यदि नगदी की बड़ी राशि की निकासी जमा का कोई संदेहजनक मामला सामने आता है, जो कि 10 लाख रुपए से अधिक का है तो इस बारे में तत्काल आयकर विभाग के नोडल अधिकारी या अन्य संबंधित अधिकारी को तत्काल सूचना दी जावेगी।

You missed

error: Content is protected !!