खबर पक्की, 13 फरवरी, रतलाम। एक आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सबका योगदान ज़रूरी है। सतत् मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से हम अपने उच्चतम लक्ष्य भी पा सकते हैं। इस प्रकार देश के आत्मनिर्भर व सुपर पॉवर बनाने में हम अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। युवा आगे आएं और हमारे साथ जुड़ कर देश निर्माण में सहयोग दें। नगर के प्रतिष्ठित उद्यमी, व्यवसायी सैयद ओवैस अली ने यह बातें अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में आयोजित एक समारोह में कहीं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त, देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के भूविज्ञान विभाग का स्थापना दिवस बीते दिनों अलीगढ़ में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में ओवैस मेटल एंड मिनरल प्रोसेसिंग लिमिटेड के प्रबंध निदेशक तथा मेसर्स सैयद अख़्तर अली ग्रुप के डायरेक्टर, सैयद ओवैस अली को बतौर मुख्य अतिथि निमंत्रित किया गया था। समारोह में अमुवि. के कुलपति प्रो. मुहम्मद गुलरेज़, भूविज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. कुंवर फऱाहीम ख़ान, प्रो. एमई मोंडल, प्रो. राशिद उमर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी उपस्थित थे।
इस मौक़े पर श्री ओवैस अली ने कहा कि आज टेक्नोलॉजी का समय है। इसी को ध्यान में रखते हुए हम काम कर रहे हैं। युवाओं को मुख़ातिब करते हुए उन्होंने आग्रह किया कि वे आधुनिक टेक्नोलॉजी पर ज़्यादा से ज़्यादा काम करें। इससे फ़ायदा यह होगा कि हमारा देश आत्मनिर्भर होगा तथा सुपर पॉवर बनने की दिशा में बढ़ेगा। इसी को नजऱ में रखते हुए मेरी और मेरे भाई की तमन्ना और यह हमारा सपना है कि मिनरल्स के क्षेत्र में हमारे वालिद जनाब सैयद अख़्तर अली की सेवाओं को याद रखा जाए तथा उन्हें इसका प्योर फ़ॉर्म में प्रोडक्शन करने वाले के तौर पर जाना जाए। इस तरह देश को आत्मनिर्भर व सुपर पॉवर बनाने की दिशा में हमारे योगदान को याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम में उन्होंने यह जानकारी भी दी कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ़ इंडिया द्वारा जल्द ही उनकी कंपनी ओवैस मेटल एंड मिनरल प्रोसेसिंग लिमिटेड के आईपीओ जारी किए जाने वाले हैं। समारोह में श्री अली द्वारा विभाग के 18 विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, जिन्होंने अपनी क़ाबिलियत के बल पर उच्च पद हासिल किए। अमुवि. के कुलपति प्रो. मुहम्मद गुलरेज़ ने शिक्षा व उद्योग तथा रोजग़ार के बीच मज़बूत पुल बनाने के श्री अली व भूविज्ञान विभाग के प्रयासों की तारीफ़ की।

