• Thu. Oct 29th, 2026

मतदाता सूची में पात्र युवाओं का नाम जोडऩे का कार्य सतत जारी रहे, रोल ऑब्जर्वर तथा संभाग आयुक्त डॉ. संजय गोयल ने रतलाम में बैठक लेकर दिए निर्देश

BySurendra Jain

Jan 22, 2024

खबर पक्की, 22 जनवरी, रतलाम। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार रतलाम जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा रोल ऑब्जर्वर तथा उज्जैन संभाग आयुक्त डॉ. संजय गोयल ने एक बैठक में करते हुए निर्देशित किया कि मतदाता सूची में जिले के पात्र युवाओं का नाम जोडऩे का कार्य सतत जारी रहे। कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित बैठक में रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार, सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती शालिनी श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर आर.एस. मंडलोई तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में संभाग आयुक्त डॉ. गोयल ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य की विस्तृत समीक्षा की। निर्देश दिए कि जो भी त्रुटियां हैं उन्हें दूर की जाए। इस दौरान उनके समक्ष जिले की मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन किया गया जिसमें वर्तमान मतदाता संख्या, स्त्री, पुरुष मतदाता संख्या आदि जानकारी प्रस्तुत की गई। डॉ. गोयल ने राजनीतिक दलों से भी आग्रह किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में शुद्ध कार्य हेतु पूर्ण सहयोग प्रदान करें। जो भी मतदाता 18 वर्ष आयु के हो चुके हैं उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए सहयोग करें। निर्वाचन आयोग के कॉल सेंटर 1950 की सहायता से कोई भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
डॉ. गोयल ने जिले में जिन क्षेत्रों में विगत विधानसभा क्षेत्र में कम मतदान हुआ है उन पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीप अभियान के दौरान विगत विधानसभा निर्वाचन के कमजोर मतदान वाले क्षेत्रों पर विशेष रूप से कार्य किया जाए।
मतदान केन्द्रों का निरीक्षण
रतलाम भ्रमण पर आए उज्जैन संभाग आयुक्त तथा निर्वाचन आयोग के रोल ऑब्जर्वर डॉ. संजय गोयल ने सोमवार को रतलाम ग्रामीण तथा शहर के मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्रवाई का निरीक्षण किया, वहां तैनात बूथ लेवल अधिकारियों से चर्चा की। दावे, आपत्ति, नाम जोडऩे, घटाने संबंधी कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान संभाग आयुक्त द्वारा रतलाम शहर के मतदान क्रमांक 177, 178, 179 तथा रतलाम ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम सरवड के प्राथमिक विद्यालय में स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।

You missed

error: Content is protected !!