खबर पक्की, 16 जनवरी, रतलाम। जिले के सैलाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस को चार सदस्यी गैंग को पकडऩे में सफलता मिली है। आरोपियों ने सैलाना के महालक्ष्मी मंदिर, भाजपा नेत्री क्रांति जोशी के निवास व धामनोद के एक ज्वेलर्स की दुकान पर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार 10 जनवरी को सुबह 10 बजे स्थानीय सैलाना के महालक्ष्मी मंदिर से अज्ञात चोर चांदी का छत्र एवं दानपेटी में रखी चिल्लर चोरी कर ले गए थे। आसपास के सीसीटीवी कैमरों खंगाले गए। सीसीटीवी कैमरें की मदद से आरोपी की शिनाख्ती धामनोद के नागेश्वर पिता नाथू डिंडोर के रूप में हुई। नागेश्वर को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की तो उसने अपने साथी संतोष पिता रामप्रसाद जोशी निवासी भीलों की खेड़ी, अक्का उर्फ विजय उर्फ अखिलेष पिता बाबुलाल पारगी निवासी धामनोद और शिवनारायण पिता रघुनंदन पाटीदार निवासी धामनोद के साथ चोरी करना कबूल किया। सैलाना थाना प्रभारी अयूब खान ने बताया आरोपियों से अब तक चोरी किए गए सामग्री को बरामद कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
यहां भी चोरी की घटना को दिया था अंजाम
- 14 जनवरी को धामनोद के आजाद चौक स्थित सोनी ज्वेलर्स से 40 हजार रुपए कीमती चांदी के पांच जोड़ी कड़े चुराए।
- 12 नवंबर 2023 की रात सैलाना की भाजपा नेत्री एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष क्रांति जोशी के निवास से भगवान के 750 ग्राम वजनी चांदी के मुकुट चुराए थे।


