• Thu. Jul 30th, 2026

पाक की सीमा पर भारी फायरिंग में 4 की मौत, 40 हजार से ज्यादा बेघर

BySurendra Jain

May 23, 2018

श्रीनगर। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से लगातार भारी गोलाबारी जारी है। बुधवार को भी पाकिस्तान ने सीमा से सटे कठुआ के हीरानगर सेक्टर में फायरिंग और मोर्टार दागे जिसके चलते अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है वहीं कई घरों को नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान की फायरिंग में अब तक सीमा से सटे गांवों में रहने वाले 40 हजार से ज्यादा लोगों को घर छोड़ना पड़ गया है।

पाक द्वारा जारी संघर्ष विराम को लेकर गैलेंट्री अवॉर्ड विजेता बीएसएफ कॉन्स्टेबल रामधन गुर्जर ने कहा कि पाकिस्तान पर भरोसा करने का कोई मतलब नहीं है। वो लोग दिन में आपसे बात करते हैं और रात में फायरिंग करने लगते हैं।

इससे पहले मंगलवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान व पांच बच्चों समेत 21 लोग घायल हो गए।पाकिस्तान की गोलाबारी से जम्मू संभाग के कठुआ, सांबा व जम्मू जिले दहल गए हैं। सीमा के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्कूल कई दिन से बंद हैं। वहीं, बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में मंगलवार को पाकिस्तान के चार रेंजर्स के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। बीएसएफ ने जम्मू के अरनिया व सांबा के रामगढ़ में सटीक कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की तीन चौकियों को भी तबाह कर दिया। गोलाबारी के दौरान पाकिस्तान के सियालकोट सेक्टर में चार रेंजर्स को एंबुलेंस में ले जाते देखा गया है। मंगलवार शाम सात बजे पाकिस्तान ने सांबा जिले के रामगढ़ के केसों मन्हास व नंगा इलाकों में गोले दाग कर पांच बच्चों समेत 13 लोगों को घायल कर दिया। इससे पहले दिन में पाक गोलाबारी में कठुआ के हीरानगर में बीएसएफ जवान समेत दो, जम्मू जिले के आरएसपुरा में चार व जिले के अरनिया में दो लोग जख्मी हो गए थे। रविवार को दिन में शांति की अपील करने के बाद से पाकिस्तान रुक-रुक कर गोलाबारी कर रहा है। सोमवार रात नौ बजे फिर सांबा के रामगढ़ व जम्मू के अरनिया में गोलाबारी शुरू कर दी। रात ग्यारह बजे के बाद पाकिस्तान ने कठुआ जिले के हीरानगर व जम्मू जिले के आरएसपुरा की दो दर्जन से अधिक चौकियों व सवा सौ गांवों को निशाना बनाकर गोले दागने शुरू कर दिए। मंगलवार सुबह 11 बजे हीरानगर के पानसर में पाकिस्तान की गोलाबारी का जवाब दे रहे बीएसएफ की 97वीं बटालियन के जवान चौहान सिह घायल हो गए।

शाम साढ़े बजे पाकिस्तान ने फिर गोले दागने शुरू कर दिए। इसमें कैसों मन्हासा में एक गोला राजकुमार के घर पर गिरा, जिसमें उसकी पत्नी विमला देवी व दो बच्चे धीरज (10) व अमनदीप (14) घायल हो गए। इसके अलावा सात अन्य लोग जख्मी हो गए हैं।

error: Content is protected !!