• Thu. Oct 29th, 2026

नए साल के पहले दिन से हिट एंड रन के नए कानून का विरोध शुरू, बस स्टैंड पर नारेबाजी, यात्री हुए परेशान

BySurendra Jain

Jan 1, 2024

खबर पक्की, 1 जनवरी, रतलाम। नए साल के पहले दिन से हिट एंड रन के नए कानून का विरोध शुरू हो गया है। शहर प्रमुख महू नीमच रोडवेज बस स्टैंड पर बस चालकों एवं परिचालकों ने बसों को सुबह से एक जगह खड़ा कर रखा है। बस चालकों के साथ-साथ अब ट्रक चालक भी सड़क पर उतर आए है। ट्रक चालकों ने शहर में घूमते हुए ऑटो चालक को भी ऑटो में सवारियां लेने से मना किया। सब्जी मंडी में बाहर से आए ट्रक चालकों को भी ट्रक खड़े करने से मना किया। कुछ ट्रक चालक नहीं माने तो ट्रक की हवा भी निकाली। इस दौरान विवाद की स्थिति भी बनी।
जिला परिवहन कर्मचारी संघ के बैनर तले चालक एवं परिचालक बस स्टैंड पर एकत्र हुए। यहां पर बसे खड़ी कर विरोध जताया। नारेबाजी करते हुए कहा कि पचास लाख तक का भारी जुर्माना और दस साल की सजा का प्रावधान वाले काले कानून को वापस लिया जाए। चालकों का कहना था कि कोई भी चालक जानबूझकर दुर्घटना नहीं करता। नए कानून में गलती से यदि चालक से कोई हादसा हो जाता है तो उसका और उसके परिवार का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। बस चालकों की हड़ताल के कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्री अपने गंतव्य पर जाने के लिए अन्य वाहन तलाशते रहे। परिवहन कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष विलियम डेनियन गोलू ने बताया वाहन चालक और परिचालक साथी संविधान के हर नियमों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं लेकिन हिट एंड रन केस के नए प्रावधान जिससे चालक साथियों का जीवन बर्बाद हो जाएगा। हमें अपने हितों की लड़ाई खुद को लडऩा पड़ रही है। आज चालक और परिचालक सभी साथ मिलकर पूरी ताकत के साथ विरोध कर रहे है। मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधान को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केन्द्र सरकार के परिवहन मंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद एवं विधायक के नाम ज्ञापन कलेक्टोरेट में ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।

You missed

error: Content is protected !!