• Thu. Oct 29th, 2026

ब्लैकमेलिंग से परेशान व्यक्ति ने फांसी लगाकर दी जान, वीडियो में एक महिला व तीन पुरुषों पर लगाए आरोप, वीडियो में वह कह रहा है कि मेरे साथ जो घटना घटी है, उसका जिम्मेदार वही रहेगा

BySurendra Jain

Dec 31, 2023

खबर पक्की, 31 दिसंबर, रतलाम। जिले के रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम काचला (बासिंद्रा) में एक व्यक्ति ने पहले मोबाइल फोन से दो वीडियो बनाए और फिर पेड़ पर फांसी का फंदा बांधकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। दोनों वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें उसने एक महिला व एक पुरुष को रुपये देने व जमीन तक बिकने की बात कही गई है। इससे यह माना जा रहा है कि उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था लेकिन वीडियो में ब्लैकमेल करने का स्पष्ट कारण नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह है मामला
जानकारी के अनुसार नहर समिति के पूर्व अध्यक्ष 45 वर्षीय मनजी (मन्ना) खाट पुत्र हवजी खाट निवासी ग्राम काचला ने रविवार सुबह खेत पर एक पेड़ पर रस्सी से फांसी का फंदा बांधा तथा फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। खबर तेजी से फैली तथा कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्वजन व पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनस्थल की जांच के बाद शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए रावटी के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। दोपहर में पोस्टमार्टम कर शव स्वजन को सौंप दिया गया। कुछ ही देर में उसके दो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुए।
ढाई वर्ष से रुपये देता आ रहा हूं, जमीन भी बेच दी
एक वीडियों में वह एक महिला व दो पुरुषों के नाम ले रहा है। वीडियो में वह कह रहा है कि मेरे साथ जो घटना घटी है, उसका जिम्मेदार वही रहेगा। शासन-प्रशासन से निवेदन है कि मैं उनके खिलाफ जीवनलीला समाप्त करने जा रहा हूं। हमारा विवाद ढाई वर्ष से चलता आ रहा है, मैं तब से रुपये देता आ रहा हूं। एक बीघा जमीन भी इनके चक्कर में बेच दी। फिर गुजरात में 800 रुपये रोज में मिस्त्री का काम करता था। सोने की नथ 33 हजार रुपये में खरीद कर लाया था, उसका बिल भी मेरे नाम से मेरे पास है। वो रकम मेरे पुत्र प्रकाश को दे।
वीडियो में कहा कि मेरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाएगा, मुझे सिर्फ इतना नालेज नहीं है कि कैसे ग्रुप में पोस्ट करूं। परिवार से निवेदन है कि वीडियो इतना फैलाना कि पूरे भारत में फैल जाए। मैं किस मजबूरी में हूं और औरतों की कैसी हरकतें हैं, दुनिया को मालूम पड़े। चलो राम..राम.. लास्ट मेरे परिवार को कितना दुख होगा ये मेरा परिवार जाने। मेरी मजबूरी है, बाय बाय सभी परिवार को मेरा प्रणाम। वहीं दूसरे वीडियो में उसने महिला व तीन पुरुषों के नाम लेते हुए उनपर धोखा करने के आरोप लगाए है।
आरोपित ताले लगाकर भागे
रावटी थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग व मृतक से रूपयों की मांग करने की बात सामने आई है। प्रताडि़त करने के लिए वीडियों में जिन लोगों के नाम आए है, उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। आरोपितों के घर दबिशें दी थी लेकिन वे नहीं मिले। आरोपित घरों पर ताले लगाकर कहीं भाग गए है, उनकी तलाश की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!