• Thu. Oct 29th, 2026

लूट करने आए ईनामी कंजर को गांव वालों ने पकडा,भागने की कोशिश में घायल हुआ कंजर,पुलिस ने गिरफ्तार किया

BySurendra Jain

Dec 13, 2023

खबर पक्की, 13 दिसंबर, रतलाम। जिले के आलोट थाना क्षेत्र के थूरिया गांव में लूट करने आए दो कंजरों में से एक पांच हजार रु. के इनामी कंजर को गांववालों ने पकड लिया। भागने की कोशिश में कंजर घायल भी हो गया। बाद में गांववालों की सूचना पर पुलिस ने इनामी कंजर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब सात बजे थूरिया गांव का निवासी जुझार गायरी अपने घर के बाहर भैैंस का दूध निकाल रहा था, कि उसी वक्त अरनिया कंजर डेरे का काला उर्फ कालू उर्फ शंभू पिता हडमत कंजर और उसका एक साथी मोटर साइकिल पर सवार होकर वहां पंहुचे और उन्होने जुझार गायरी की जेब में रखे पन्द्रह सौ रुपए और मोबाइल छीन लिए। जुझार के शोर मचाने पर उसका भाई रमेश गायरी और भतीजा सुनील गायरी मौके पर पंहुच गए। इन सभा ने कंजरों को रोकने का प्रयास किया तो एक आरोपी मोटर साइकिल से कूद कर भाग गया,जबकि काला उर्फ कालू कंजर मोटर साइकिल से गिर गया। गिरने की वजह से उसके हाथ व पैरों में चोट भी लगी। गांव वालों ने कालू कंजर को पकड लिया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पंहुचा और कंजर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए काला उर्फ कालू पिता हडमत कंजर 23 नि.अरनिया कंजर डेरा,थाना नागेश्वर उन्हेल जि.झालावाड (राज.) पर लूट, चोरी, अवैध हथियार रखने और हफ्ता वसूली करने जैसे कई अपराध दर्ज थे और उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रु. का ईनाम भी घोषित था। लूट के इस मामले में आलोट पुलिस ने कालू कंजर के खिलाफ लूट का आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया है। उसके दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!