• Thu. Oct 29th, 2026

डीन और डॉक्टर विवाद, चिकित्सकों ने की हड़ताल, डीन को हटाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

BySurendra Jain

Dec 13, 2023

खबर पक्की, 13 दिसंबर, रतलाम। रतलाम के डॉक्टर लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज में डीन और डॉक्टर्स के बीच मंगलवार रात हुआ विवाद गहराता जा रहा है। डीन को हटाने की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के बैनर तले चिकित्सकों ने आज काम बंद कर दिया। चिकित्सकों से चर्चा के लिए कलेक्टर भास्कर लक्षाकार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
मंगलवार रात डीन और डॉक्टर के बीच हुए विवाद के बाद बुधवार सुबह से मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा शिक्षकों (डॉक्टरों) ने काम बंद कर दिया। इसके कारण स्टूडेंट की क्लास के अलावा मरीजों का उपचार नहीं हो सका। डॉक्टरों की मांग है कि जब तक डीन डॉ. गुप्ता को नहीं हटाया जाएगा, तब तक वह काम पर नहीं लौटेंगे। प्रदर्शन के 24 घंटे बाद भी अगर नाराज डॉक्टरों की मांग पूरी नहीं होती है तो वह इमरजेंसी (आपात) सेवा भी बंद कर देंगे।
मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन के बैनर तले बुधवार सुबह मेडिकल कॉलेज में काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी है। बता दें कि साथी डॉक्टर की पत्नी के प्रसव के बाद प्राइवेट रूम को लेकर मंगलवार दोपहर डॉक्टर और डीन डॉ. गुप्ता के बीच छिड़ा विवाद रात में औद्योगिक थाने पहुंच गया था। डीन डॉ. गुप्ता ने मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन (एमटीए) अध्यक्ष डॉ. प्रवीणसिंह बघेल सहित तीन डॉक्टरों पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप लगाया है। इधर नाराज डॉक्टरों ने भी डीन डॉ. गुप्ता के खिलाफ थाने पर आवेदन दिया है।
चिकित्सकों से चर्चा के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचे कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार से चर्चा के दौरान नाराज डॉक्टरों ने बताया कि उनके साथ पुलिस ने भी पक्षपात पूर्ण कार्रवाई की है। कलेक्टर लाक्षाकार ने नाराज डॉक्टरों की शिकायत सुनने के बाद डीन डॉ. गुप्ता को बुलाने की कोशिश की तो डीन की पत्नी डॉ. रेखा गुप्ता ने तबीयत खराब का हवाला दिया। कलेक्टर लाक्षाकार ने क्लास रूम में पहुंचकर स्टूडेंट से चर्चा कर उनकी समस्याएं पूछी। इसके बाद कॉलेज के अस्पताल का निरीक्षण भी किया। यहां पर मरीजों के परिजनों ने कलेक्टर लाक्षाकार के सामने मेडिकल कॉलेज में व्यवस्थाओं पर भी नाराज जताई। कलेक्टर ने परिजनों की शिकायत सुनने के बाद डॉ. रेखा गुप्ता से चर्चा कर उन्हें कार्यों में सुधार लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री लाक्षाकार के साथ एसडीएम संजीव कुमार पांडेय ने नाराज डॉक्टरों से चर्चा कर शिकायत सुनी और जल्द से जल्द समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन दिया। पूरे मामले में काम बंद कर हड़ताल पर गए नाराज डॉक्टरों ने डीन डॉ. गुप्ता के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उन्हें तत्काल हटाने की मांग की।

You missed

error: Content is protected !!