• Thu. Oct 29th, 2026

कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने पर भाजपा ने किया जिलेवासियों का धन्यवाद ज्ञापित

BySurendra Jain

Dec 3, 2023

खबर पक्की, 3 दिसंबर, रतलाम। मध्यप्रदेश विधानसभा के चुनाव में रतलाम जिले में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने पर भारतीय जनता पार्टी ने हर्ष जताते हुए सभी जिलेवासियों को धन्यवाद ज्ञापित किया है। जिले की पांच में से चार सीटों पर भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। एक सीट भी निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में जाने से कांग्रेस नहीं जीत पाई। चुनाव की यह जीत भाजपा के प्रति आम जनता के प्रगाढ़ विश्वास का प्रतीक है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के समर्पण की जीत है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, सांसद गुमान सिंह डामोर, सुधीर गुप्ता, अनिल फिरोजिया, नवनिर्वाचित विधायक चेतन्य काश्यप, डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, डॉ. चिन्तामणि मालवीय एवं मथुरालाल डामर, जिला चुनाव संयोजक बजरंग पुरोहित ने मतदाताओं को भाजपा की ऐतिहासिक जीत की बधाई देते हुए कहा कि भाजपा ने देश एवं प्रदेश में सर्वहारा वर्ग के कल्याण के साथ चौतरफा विकास का जो क्रम शुरू किया है, वह लगातार जारी रहेगा। डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास को नई गति देगी और जन कल्याण की सारी योजनाएं भी लगातार जारी रहेगी। सभी नेताओं ने मतदाताओं को संकल्प व्यक्त किया कि वे रतलाम जिले के विकास में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे। ”सबका साथ-सबका विकासÓÓ के संकल्प के साथ भाजपा सरकार कार्य करेगी।

You missed

error: Content is protected !!