• Fri. Oct 30th, 2026

पाकिस्तान ने भारतीय सीमा के पास किया सैन्य अभ्यास

ByHarish Sharma

Nov 17, 2016

पाकिस्तान भारत की सीमा से सटे सामरिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र में सैन्य अभ्यास कर रहा है. इस दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और सेना प्रमुख राहील शरीफ ने भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए थल सेना और वायु सेना की तत्परता की समीक्षा की.

सैन्य अभ्यास पंजाब प्रांत में बहावलपुर शहर के निकट सीमा के पास किया जा रहा है. अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री इस अभ्यास के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. सैन्य प्रमुख जनरल राहील शरीफ भी सैन्य अभ्यास के दौरान वहां मौजूद हैं.

इस सैन्य अभ्यास में हेलीकॉप्टर गनशिप और जमीनी बल भाग ले रहे हैं. इस सैन्य अभ्यास से कुछ ही दिन पहले सात पाकिस्तानी जवान नियंत्रण रेखा के पास मारे गए थे. सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार यह अभ्यास भारत के साथ तनाव की हालिया स्थिति से पैदा होने वाले किसी भी हालात से निपटने में पाकिस्तानी सेना की तत्परता की स्थिति को दर्शाता है.

प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने मंगलवार को कहा था कि पाकिस्तान को भारत की ‘चालबाजी’ से परेशान नहीं किया जा सकता और उसके संयम को उसकी कमजोरी ‘समझने की गलती’ नहीं की जानी चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि उनका देश ‘किसी भी प्रकार की युद्धस्थिति’ में अपनी रक्षा करने में पूर्णतय: सक्षम है.

सात जवानों की मौत पर शोक जताते हुए शरीफ ने कहा था कि भारतीय बल नियंत्रण रेखा के पास जानबूझकर जो तनाव बढ़ा रहे हैं, उससे क्षेत्रीय शांति एवं सुरक्षा को खतरा है. उन्होंने कहा था कि यह ‘कश्मीर में किए जा रहे गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन से दुनिया का ध्यान भटकाने के लिए भारतीय अधिकारियों की नियंत्रण रेखा पर तनाव बढ़ाने की नाकाम कोशिश है.’

You missed

error: Content is protected !!