खबर पक्की, 27 अक्टूबर, रतलाम। सिक्ख समाज के गुरुओं की चतुर्थ पातशाही धन धन श्री गुरु रामदास साहेब जी का जन्मोत्सव (प्रकाश पर्व) सिक्ख समाज, सिंधी समाज एवं गुरु की प्यारी संगत द्वारा धूमधाम एवं हर्षोल्लास मय माहौल में मनाया जाएगा। इस पर्व के उपलक्ष्य में श्री गुरु रामदास साहिब जी गुरुद्वारा इंदिरानगर में प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी तीन दिवसीय धार्मिक आयोजनों का सिलसिला 28 अक्टूबर शनिवार से प्रारंभ होगा, जिसका समापन 30 अक्टूबर सोमवार को गुरु जन्मोत्सव के साथ पूर्ण होगा । इस पर्व को लेकर सम्पूर्ण समाज में खास हर्ष व्याप्त हैं ।
समाज की मीडिया प्रभारी कविता मुकेश नैनानी ने जानकारी देते हुये बताया कि …. इन्द्रा नगर स्थित श्री श्री गुरु रामदास गुरुद्वारा साहिब में ब्रम्ह ज्ञानी संत बाबा शीतल सिंह जी के आशिर्वाद व प्रेरणा एवं अध्यक्ष श्री जसवंत सिंह जी के नेतृत्व में गुरु जन्मपर्व के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय आयोजन प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी धार्मिक श्रद्धा व आस्था से किये जाएंगे ।
इस महान धर्म समागम ओर प्रकाश पर्व पर पंथ प्रसिद्ध उच्च कोटि के कीर्तनीय भाई गुरमेल सिंह हजूरी रागी दरबार साहिब अमृतसर वाले एवं भाई अर्जन सिंह परवाना हजुरी रागी कुरुक्षेत्र समागम की शोभा बढ़ाएंगे । पर्व के तहत धार्मिक आयोजनों का सिलसिला 28 अक्टूबर शनिवार से प्रारंभ होगा । 28 एवं 29 अक्टूबर को प्रात: 8 से 9 बजे तक श्री आसा दी वार ,9 बजे से 9.30 तक श्री अखंड पाठ साहिब प्रारंभ, 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक कीर्तन दरबार प्रवचन व अरदास की सेवा। शाम के कार्यक्रम में 6.15 से 7 बजे तक श्री रहरास साहिब का पाठ व आरती होगी. शाम 7 से 9.30 बजे तक कथा व्याख्या, कीर्तन दरबार व अरदास होगी। 30 अक्टूबर सोमवार को प्रात: 7.30 बजे से 8.30 बजे तक आसा दी वार, 8.30 बजे से 9.30 तक श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति, 9.30 से 1 बजे तक कथा व्याख्या, कीर्तन दरबार, अरदास होंगी । तत्पश्चात गुरु का अटूट लंगर बरतेगा साथ ही गुरु जन्म की खुशियां धूमधाम से मनाई जाएगी ।


