खबर पक्की, 20 अक्टूबर, रतलाम। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने देर रात 88 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। रतलाम जिले की तीन विधानसभा सीटों के उम्मीदवार सामने आने के बाद अब जिले की पांचो विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। रतलाम शहर से कांग्रेस ने पारस सकलेचा को उम्मीदवार बनाया है। रतलाम ग्रामीण विधानसभा से भी टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं लक्ष्मण सिंह डिंडोर को उम्मीदवार बनाया गया है। लेकिन जावरा में कांग्रेस ने चौंकाने वाला नाम उम्मीदवार के रूप में दिया है। पार्टी ने यहां हिम्मत श्रीमाल को अपना उम्मीदवार बनाया है।
रतलाम शहर विधानसभा से पारस सकलेचा को कांग्रेस ने भाजपा के दो बार से विधायक चेतन्य काश्यप के विरुद्ध मैदान में उतारा है। पारस सकलेचा निर्दलीय चुनाव लड़कर महापौर और विधायक रह चुके हैं।
रतलाम ग्रामीण विधानसभा से उम्मीदवार बनाए गए लक्ष्मण सिंह डिंडोर प्रशासनिक सेवा में थे। रतलाम जनपद सीईओ रहते हुए विधानसभा क्षेत्र में मजबूत पकड़ बने जिसकी वजह से कांग्रेस ने 2018 में भी टिकट दिया था लेकिन किन्हीं कारणों से अंतिम समय में टिकट बदलना पड़ा था। आदिवासी संगठन जयस से जुड़े होने का भी मिलेगा फायदा। हालांकि टिकट के स्थानीय दावेदारों ने सूची आने के पहले ही विरोध प्रदर्शन कर इस्तीफा की चेतावनी दे डाली है। लक्ष्मण सिंह डिंडोर के लिए पार्टी में विरोध को साधना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
कांग्रेस ने सबसे ज्यादा चौंकाने वाला नाम जावरा विधानसभा सीट से दिया है। यहां टिकट के दावेदारों की लंबी सूची को दरकिनार कर पार्टी ने हिम्मत श्रीमाल को उम्मीदवार बनाया है। हिम्मत श्रीमाल स्थानीय कांग्रेस नेता और पेशे से वकील है। कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रहे हैं। पूर्व वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह कालूखेड़ा के नजदीकी माने जाते थे। पार्टी ने टिकट के प्रबल दावेदारों वीरेन्द्र सिंह सोलंकी, जीवन सिंह शेरपुर और डीपी धाकड़ के नाम की जगह हिम्मत श्रीमाल को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि उम्मीदवार के नाम की घोषणा के कुछ देर बाद ही जावरा के घंटाघर चौराहा और ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस उम्मीदवार हिम्मत श्रीमाल का विरोध शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने हिम्मत श्रीमाल का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया है।
रतलाम जिले की सैलाना सीट से वर्तमान विधायक हर्ष विजय गहलोत और आलोट से वर्तमान विधायक मनोज चावला को कांग्रेस पहली सूची में ही उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।

