• Thu. Oct 29th, 2026

आगामी त्योहारों का आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया जाएगा, जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न

BySurendra Jain

Oct 15, 2023

खबर पक्की, 15 अक्टूबर, रतलाम। जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक न्यू पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागृह में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर भास्कर लक्षकार ने कहा कि शहर में आगामी दिनों त्योहारों का आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया जाएगा। सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने पुलिस व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी बिंदुओं से अवगत कराया। बैठक में प्रशासनिक अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्यगण मौजूद थे।
कलेक्टर भास्कर लक्षकार ने कहा कि शांति समिति के संकल्प अनुसार बगैर किसी व्यवधान के आगामी त्योहारों का आयोजन नगर में किया जाना है। यह भी सुनिश्चित किया गया है कि त्योहारों के आयोजन के दौरान चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन नहीं हो, सड़कों पर यातायात बाधित नहीं हो। शहर में व्यवस्थाओं के संबंध में शांति समिति के सदस्य जब भी चाहे कलेक्टर से बात कर सकते हैं 24 घंटे में किसी भी समय दूरभाष पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक राहुल लोढा ने बताया कि त्योहारों के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि किसी भी प्रकार से आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन नहीं हो। सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन अनुसार डीजे, लाउड स्पीकर का समय निर्धारित रहेगा। उन्होंने आयोजकों से आग्रह किया कि नवदुर्गा पंडाल में कार्यकर्ता 24 घंटे उपलब्ध रहे। सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कारवाइयां सुनिश्चित की गई है। पूजा अर्चना के दौरान कोई राजनीतिक स्वरूप नहीं दिया जाए। प्रतिमाओं के विसर्जन पर चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रतिमाएं एक निश्चित स्थान पर रखी जाएगी, उनके ले जाने का रूट निर्धारित रहेगा जो आयोजकों द्वारा लिखित में दिया जाएगा। विभिन्न अनुमतियां सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से दिए जाने की व्यवस्था की गई है। बैठक में आगामी दशहरा के दौरान रावण दहन स्थलों पर व्यवस्था संबंधी चर्चा की गई।
सदस्यों के ध्यान आकर्षण पर कलेक्टर भास्कर लक्षकार ने कालिका माता मेला आयोजन के संबंध में आम भावना एवं नियमानुसार कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया। कलेक्टर ने दीपावली के अवसर पर पटाखा विक्रय के लिए एसडीएम को पूर्व समय सीमा में स्थल निर्धारण तथा सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कार्रवाइयां करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही यातायात एवं विद्युत व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को दिशा निर्देशित किया। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू ढंग से संचालित की जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा सदस्यों से चर्चा के दौरान कहा गया कि सड़कों पर किसी भी प्रकार यातायात बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
बैठक में अपर कलेक्टर आर.एस. मंडलोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, शहर काजी अहमद अली, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, गोविंद काकानी, बजरंग पुरोहित, अशोक चौटाला, श्रीमती यास्मीन शेरानी, वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी, सुरेंद्र ललवानी, मधु पटेल, पवन सोमानी, निजाम राही, श्रीमती सीमा टॉक, सलीम आरिफ, प्रदीप उपाध्याय, पंकज अग्रवाल, राकेश कटारिया, सलीम मेंव, सईद कुरेशी, रवि परमार, जोस मार्टिन, डॉ. अभय ओहरी, फादर सैमसन दास, जमीर पटेल, यूनुस ताज बेलिम आदि उपस्थित थे।

You missed

error: Content is protected !!