• Thu. Oct 29th, 2026

अधिकारी प्रत्येक कार्य की चेक लिस्ट अपने साथ रखें, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, नवागत कलेक्टर श्री भास्कर लक्षकार ने नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर दिए निर्देश

BySurendra Jain

Oct 14, 2023

खबर पक्की, 14 अक्टूबर, रतलाम। जिले में विधानसभा निर्वाचन 2023 को स्वतंत्र निष्पक्ष रूप से संपन्न करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारी प्रत्येक कार्य की चेक लिस्ट अपने साथ रखें। हरएक दायित्व को गंभीरता के साथ पूर्ण करें। उक्त निर्देश नवागत कलेक्टर भास्कर लक्षकार द्वारा शनिवार को नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर राधेश्याम मंडलोई, जिले के सभी एसडीएम तथा नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर द्वारा जिले में विधानसभा निर्वाचन 2023 संपन्न करने के लिए अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समयबद्ध कार्यक्रम के तहत जानकारी से अवगत कराया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन अक्षरश: किया जाएगा। अधिकारी आयोग के निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर ले, कानून व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जाए। सभी एसडीएम तथा पुलिस अधिकारी सचेत रहकर कार्य करेंगे। निर्वाचन की संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाएगा। सभी रिटर्निंग अधिकारी तथा सहायक रिटर्निग अधिकारी प्रत्येक दिवस कलेक्टर को दूरभाष पर रिपोर्ट देंगे अन्यथा कार्रवाई की जाएगी अधिकारी सजग रहे।
समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने इस बात पर जोर दिया कि जिले के शासकीय अधिकारी, कर्मचारी अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। आयोग से प्राप्त होने वाले एपिक कार्डों का वितरण सुनिश्चित किया जाए। इस बात का ध्यान रखा जाए कि सभी बीएलओ मतदाताओं को उनके फोटोयुक्त वोटर आईडी समय सीमा में उपलब्ध करा दें। कलेक्टर द्वारा मतदान दलों के लिए रूट चार्ट तैयार करने की कार्रवाई के संबंध में निर्देशित किया कि यदि किसी मतदान केंद्र की स्थिति में परिवर्तन हुआ है तो रूट चार्ट बनाते समय परिवर्तन का ध्यान रखा जाए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी जिला अधिकारी इस बात का प्रमाण पत्र दे कि उनके द्वारा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की जानकारी निर्वाचन कार्यालय को प्रेषित कर दी गई है। कानून व्यवस्था के तहत विभिन्न प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि वास्तविक व्यक्ति पर ही कार्रवाई हो। धारा 107, 16 इत्यादि में प्रभावी कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन कार्य के साथ-साथ अपने कार्यालय के रूटीन कार्य को भी साथ-साथ संपन्न करने के निर्देश दिए। कलेक्टर द्वारा आगामी त्योहारों की दृष्टिगत सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक समय सीमा में आयोजित करने के निर्देश दिए।

You missed

error: Content is protected !!