• Sat. Nov 7th, 2026

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सुशासन में पीडि़त बालिका को मिला त्वरित न्याय, कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने प्लाट नहीं मिलने पर 10 लाख रुपए से अधिक राशि वापस दिलवाई, जनसुनवाई में 118 आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभाग को भेजे गए

BySurendra Jain

Aug 1, 2023

खबर पक्की, 1 अगस्त, रतलाम। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के सुशासन में रतलाम की बालिका यशस्विनी महावर को मंगलवार जनसुनवाई में त्वरित न्याय मिला, जब जनसुनवाई में आई बालिका रत्नपुरी रतलाम निवासी यशस्विनी महावर ने शिकायत में बताया कि उसने 2020 में 3200 स्क्वेयर फीट प्लाट खरीदा था परंतु जब राजस्व निरीक्षक से अभी कुछ दिनों पूर्व सीमांकन कराया तो प्लाट मौके पर नहीं मिला। पीडि़त बालिका जनसुनवाई में आई, उसे सुनकर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने फोरन तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी को बऱबड़ स्थित मौके पर भेजा। जिस व्यक्ति राजू तिवारी ने प्लाट बेचा था उसे भी बुलाया गया, पड़ताल में प्लाट नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने विक्रेता को निर्देश दिए कि बालिका को तत्काल राशि वापस करें। कलेक्टर के निर्देश पर विक्रेता व्यक्ति घर से 10 लाख 64 हजार रूपए का चेक लेकर आया, बालिका को प्रदान किया। इस त्वरित न्याय से खुश बालिका यशस्विनी ने मुख्य मंत्री शिवराजसिंह चौहान के सुशासन को धन्यवाद दिया। साथ में मौजूद उसके भाई हर्षित ने भी धन्यवाद दिया।
जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस अवसर पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने भी जनसुनवाई की। जिला स्तरीय जनसुनवाई में 118 आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभाग को भेजे गए। जनसुनवाई के दौरान गांधीनगर निवासी अजय कोटियाना ने बताया कि विगत दिनों मोहल्ले में सीसी. रोड का निर्माण किया गया है। पहले इस क्षेत्र में पानी की निकासी के लिए बडा पाईप लगाया गया था परन्तु ठेकेदार ने बडा पाईप निकालकर छोटा पाईप डाल दिए जाने से क्षेत्र में पानी भर जाने से घरों में पानी घुस जाता है जिससे नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड रहा है। समस्या का निराकरण किया जाकर नागरिकों को राहत प्रदान की जाए। आवेदन निराकरण के लिए नगर निगम प्रेषित किया गया है।
वार्ड क्रमांक 5 के रहवासियों द्वारा आवेदन देते हुए बताया कि विगत एक वर्ष से निगम के जल विभाग द्वारा जल प्रदाय नहीं किया जा रहा है। कई बार समस्या बताने पर केवल आश्वासन ही दिया जाता है। जल प्रदाय प्रारम्भ करवाने की कृपा की जाए। आवेदन नगर निगम को समस्या निराकरण के लिए प्रेषित किया गया है। पंचेड निवासी श्रीमती गंगाबाई ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थिया ग्राम पंचेड में झोपडीनुमा कच्चे मकान में निवास करती है। प्रार्थिया के पुत्र की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है तथा प्रार्थिया का प्रधानमंत्री आवास सूची में नाम आने के पश्चात् भी आवास उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। बारिश का मौसम होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड रहा है। शीघ्र आवास उपलब्ध करवाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभाग को भेजा गया है।
दीनदयाल नगर निवासी केसर गरवाल ने बताया कि प्रार्थियां एवं प्रार्थिया का पति दोनों दिव्यांग होकर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का लालन-पालन करते हैं तथा कच्चे मकान में रहते हैं। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि किराए का मकान ले सकें। अत: आश्रय हेतु जमीन अथवा मकान उपलब्ध कराया जाए। आवेदन निराकरण के लिए नगर निगम को प्रेषित किया गया है। ग्राम रामपुरिया निवासी भमर पिता देवाजी ने आवेदन दिया कि प्रार्थी की रीढ की हड्डी में बीमारी होने से प्रतिमाह पांच से सात हजार रुपए का खर्च आता है। प्रार्थी की स्थिति ऐसी नहीं है कि प्रतिमाह उक्त राशि की दवाई ले सके। अत: प्रार्थी को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। आवेदन निराकरण के लिए सीएमएचओ को भेजा गया है।

error: Content is protected !!