• Sat. Nov 7th, 2026

वर्षा के दृष्टिगत दुर्घटना से बचाव के लिए जिले के नदी, नालों तथा पिकनिक स्पॉट पर कड़ी नजर रखें, कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बैठक में दिए निर्देश

BySurendra Jain

Jul 31, 2023

खबर पक्की, 31 जुलाई, रतलाम। चालू मानसून सत्र में जिले में भी वर्षा का दौर जारी है। इस मौसम में जिले के नदी, नालों पर पानी उफान पर है, इस स्थिति में सभी एसडीएम नजर रखें कि किसी भी जल स्त्रोत पर कोई दुर्घटना नहीं हो। जिले के पिकनिक स्पॉट्स पर भी कड़ी नजर रखी जाए। यह निर्देश कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
जिला होमगार्ड कमांडेंट सुश्री रोशनी बिलवाल ने बताया कि जिले के सभी पिकनिक स्पॉट्स पर होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं, उनको ताकीद की गई है कि वे जल स्त्रोतों पर आने वाले नागरिकों पर नजर रखते हुए उनको जोखिम वाले स्थानों पर जाने से रोके। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को पुल, पुलिया के ऊपर भी पानी बहने की स्थिति में आवश्यक कार्यवाही एवं सावधानी बरतने के लिए निर्देशित किया।
कलेक्टर ने आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला निर्वाचन कार्यालय से जारी किए गए आदेश के अनुसार सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में सजग रहें। कलेक्टर ने मतदाता सूची के शत-प्रतिशत शुद्धिकरण पर जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर ने शासकीय विभागों को निर्देश दिए कि उनकी टेंडर प्रक्रिया ट्रांसपेरेंट हो, शासकीय राशि का सदुपयोग सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर शासन-प्रशासन कार्यवाही के लिए सजग है। मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि शासन प्रायोजित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा के लिए मंगलवार शाम बैठक आयोजित की जाएगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कमलेश जमरा को निर्देशित किया कि मिलावट के विरुद्ध करवाई सतत जारी रखी जाए, मावे में मिलावट पर फोकस करते हुए गहन पड़ताल करें। देखें कि जितना मावा आ रहा है उतना दुग्ध उत्पादन भी हो रहा है अथवा नहीं। जो मावा उत्पादक व्यक्ति है उसके घर में कितनी गाय, भैंसे हैं। यदि वह अन्य व्यक्तियों से दूध क्रय कर मावा बना रहा है तो उन व्यक्तियों के यहां पर भी उपलब्ध पशुओं की जानकारी ली जाए। समस्त जानकारी एकत्र करके संभावित मावा उत्पादन की रिपोर्ट बनाई जाए।
बैठक में कलेक्टर द्वारा विभिन्न विभागों में जनसुनवाई की लंबित शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि वह प्रत्येक समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में पांच विभागों की जनसुनवाई निराकरण कार्रवाई देखेंगे। वरिष्ठ पंजीयक डॉ. अमरेश नायडू की आज जनसुनवाई लंबित पाई गई जिसे कलेक्टर ने आगामी एक हफ्ते में निराकरण के लिए निर्देशित किया। मेडिकल कॉलेज के संबंध में भी कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शिकायतें नहीं आना चाहिए। अभी देखने में आ रहा है कि मेडिकल कॉलेज के संबंध में कई सारी शिकायतें सामने आ रही है, मेडिकल कॉलेज प्रबंधन अपनी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करें।
रतलाम मुख्यालय पर अजा-जजा, पिछड़ा वर्ग की हॉस्टल रहवासी, कॉलेज अध्ययनरत छात्राओं के लिए कलेक्टर ने लाइब्रेरी बनाने के निर्देश सीईओ जिला पंचायत को दिए जिससे कि छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में मदद मिल सके। इसके लिए स्थान चयन कर काम शुरू किया जाएगा। कृषि उपज मंडी की समीक्षा में कलेक्टर ने एसडीएम शहर को निर्देशित किया कि मंडी प्रशासक होने के नाते वे अपनी भूमिका को प्रभावी बनाएं।

error: Content is protected !!