• Fri. Nov 6th, 2026

दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने ग्राम पलसोडी के सरकारी स्कूल से लाखों की चोरी का पर्दाफाश किया, 6 आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख का सामान बरामद

BySurendra Jain

Jul 31, 2023

खबर पक्की, 31 जुलाई, रतलाम। दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने ग्राम पलसोडी के सरकारी स्कूल से लाखों का सामान चोरी करने के मामले का खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक नाबालिग सहित 6 लोगों को पुलिस अभी रक्षा में लिया गया है। आरोपितों से 5 लाख से अधिक मूल्य का सामान बरामद किया गया है।
सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने मामले की जानकारी दी। इस दौरान एएसपी राकेश खाखा और सीएसपी हेमंत चौहान भी मौजूद थे। 24 जुलाई को ग्राम पलसोडी के सरकारी स्कूल का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश 10 कंप्यूटर, एक इनवर्टर, एक प्रिंटर, चार यूपीएस बैटरी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। दीनदयाल नगर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिर सक्रिय किए थे। पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की घटना में संदिग्ध है और चोरी का माल बेचने की फिराक में है। मुख्य सूचना पर पुलिस ने हिमेश पिता लक्ष्मण निवासी पलसोडी, दीपक पिता प्रकाश निवासी पलसोडी, रोहित पिता हकरा निवासी अर्जुन नगर, पवन पिता दुबल निवासी पलसोडी, जितेंद्र पिता कालू निवासी रामपुरिया और एक नाबालिक बालक से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया।
स्कूल में सामान आते देखा और चोरी की योजना बनाई
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि आरोपी हिमेश का घर सरकारी स्कूल के पास ही है। उसने स्कूल में कंप्यूटर उतरते देख लिए थे। इसके बाद उसने दोस्तों के साथ मिलकर स्कूल में रखे कंप्यूटर चोरी करने की योजना बनाई। 24 जुलाई को हिमेश ने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया और सामान को पिकअप में भरकर ले गए। पुलिस ने चोरी के सामान के साथ पिकअप वाहन को भी जप्त कर लिया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
चोरी की वारदात के खुलासे में दीनदयाल नगर थाना प्रभारी दीपक मंडलोई, एसआई शांतिलाल चौहान, एएसआई कालू सिंह जामौद, दिनेश मावी, प्रधान आरक्षक मनोज पांडे, अंकलेश्वर पाटीदार, जीतेंद्र सिंह गौर, नवीन पटेल, आरक्षक दीपक सिंह, राकेश दांगी, जितेन्द्र सिंह, अजीत सिंह, राणा प्रताप, पवन जाट, नरेंद्र मुनिया, देवी सिंह मौर्य, बिल्लरसिंह, मकन सिंह, रावजी गणावा, महेश ठाकरे, मनीष परिहार, साइबर सेल के मनमोहन सिंह का सराहनीय योगदान रहा।

error: Content is protected !!