• Fri. Nov 6th, 2026

समरसता यात्रा के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को दायित्व सौंपे

BySurendra Jain

Jul 23, 2023

खबर पक्की, 23 जुलाई, रतलाम। संत शिरोमणि श्री रविदास समरसता यात्रा रतलाम जिले में 28 जुलाई को आलोट के नागेश्वर चौमेला मार्ग से प्रवेश करेगी तथा आलोट, जावरा, सैलाना, रतलाम होते हुए रत्तागढख़ेड़ा में 30 जुलाई को समापन होकर उज्जैन जिले में प्रवेश करेगी।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने यात्रा के दृष्टिगत अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है तथा प्रभारी सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग श्रीमती प्रीति जैन सहायक नोडल अधिकारी होंगी।
इसके अलावा संबंधित एसडीएम अपने क्षेत्र में व्यवस्थाओं के लिए प्रभारी रहेंगे। निर्बाध रूप से समरसता यात्रा की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। आवश्यकता अनुसार विश्राम स्थल, संवाद स्थलों पर स्थानीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
संबंधित जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रचार प्रसार कार्य के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की संवाद कार्यक्रम तथा यात्रा में सहभागिता प्रमुख जल स्त्रोतों से जल तथा मिट्टी संग्रहण, सचिवों, सरपंचों की विकासखंड स्थलों पर बैठके कर यात्रा के पूर्व तैयारियां, स्थानीय कला मंडली द्वारा संत शिरोमणि द्वारा विरचित भजनों आदि के गायन हेतु आवश्यक व्यवस्था, पड़ाव स्थलों पर यात्रा मार्ग में स्वागत, विश्राम, भोजन आदि की संपूर्ण व्यवस्था का दायित्व रहेगा।
इसी प्रकार आयुक्त नगर पालिका निगम तथा नगरपालिका अधिकारियों को भी दायित्व सौंपा गया है उसमें प्रचार-प्रसार हेतु नगरीय स्थल पर दीवार लेखन, नागरिकों की संवाद कार्यक्रम यात्रा में सहभागिता, प्रमुख जल स्त्रोतों से जल तथा मिट्टी संग्रहण हेतु व्यवस्था, आवश्यक बैठकों का आयोजन तथा अन्य जरूरी कार्यों के लिए उनको दायित्व सौंपा गया है।
इसी प्रकार जिला शिक्षा अधिकारी तथा अग्रणी प्राचार्य महाविद्यालय एवं सहायक आयुक्त जनजातिय कार्य विभाग को निजी विद्यालयों, शासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की जनसंवाद कार्यक्रम में सहभागिता, संत पर निर्मित ऑडियो वीजुअल सामग्री का प्रदर्शन। चित्रकला, गीत निबंध, भाषण, गायन प्रतियोगिता का आयोजन, विजेताओं को पुरस्कार वितरण आदि दायित्व सौंपे गए हैं। जिला समन्वयक जन अभियान परिषद को संपूर्ण यात्रा का संयोजन एवं संचालन का दायित्व सौंपा गया है।

error: Content is protected !!