• Sat. Nov 7th, 2026

जिला स्तरीय जनसुनवाई में 148 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए निराकरण के निर्देश जारी किए गए

BySurendra Jain

Jul 4, 2023

खबर पक्की, 4 जुलाई, रतलाम। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न जिला स्तरीय जनसुनवाई में 148 आवेदनों पर अधिकारियों ने सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निराकरण के संबंध में निर्देश जारी किए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, एसडीएम ग्रामीण श्री त्रिलोचन गौड़ द्वारा जनसुनवाई की गई। जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में तहसील रावटी के ग्राम नाका से रेखा वंदना का आवेदन प्राप्त हुआ कि ग्रामीण क्षेत्र में आंगनवाड़ी सहायिका पद के लिए भर्ती निकाली गई परंतु उसका प्रचार-प्रसार ग्रामीण क्षेत्र में विभाग ने नहीं किया । भर्ती प्रक्रिया जान-बूझकर गुप्त रखी गई। कृपया नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया की जाए ताकि पात्र महिला को लाभ मिल सके। महिला बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी को उक्त आवेदन पर कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए गए। तहसील जावरा के ग्राम गडग़डिय़ा की श्रीमती स्वरूपबाईं तथा कालीबाई ने आवेदन दिया कि वह शासकीय प्राथमिक विद्यालय में मध्यान्न भोजन रसोईया बनाने का काम लगभग 30 वर्षों से करते आ रहे हैं परंतु अब हमें कार्य से हटा दिया गया है। हमें वेतन की राशि भी लेना है। आवेदक ने कहा कि उनको पुन: कार्य पर रखा जाए और बकाया राशि भी दिलवाई जाए। आवेदन पर आवश्यक कार्यवाही के लिए जावरा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश जारी किया गया।
जनसुनवाई में ग्राम ढोढर निवासी जितेन जोशी द्वारा शिकायत की गई कि वैकल्पिक शाला में अवैध तरीके से किसी व्यक्ति की नियुक्ति कर दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। रतलाम दीनदयाल नगर निवासी शांताबाई द्वारा आवेदन किया गया कि उनको वृद्धावस्था पेंशन दी जाए। आयुक्त नगर निगम को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। रतलाम की श्री साई रेसिडेंसी कॉलोनी के रहवासियों ने अपने कॉलोनाइजर के संबंध में शिकायत की कि उनके आवेदन पर आयुक्त नगर निगम को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।

error: Content is protected !!