खबर पक्की, 7 जून, रतलाम। जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र ग्राम बोरखेड़ा में जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद बड़ गया। इस दौरान दोनों पक्षो में मारपीट की स्थिति बन गई तथा एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। उसके हाथ मे गोली लगने से वह घायल हो गया। मारपीट में दूसरे पक्ष का भी एक व्यक्ति घायल हुआ है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। गोली लगने से घायल व्यक्तिब की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात्रि रात करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच दो पक्षों के मध्य चल रहा जमीन विवाद बढ़ गया तथा हाथापाई तक पहुंच गया। दोनो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद विवाद बढऩे पर एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति पर फायर कर दिया । गोली लक्ष्मणदास उर्फ लछु सेठ निवासी जावरा के हाथ पर जा लगी। इससे वे घायल हो गए।
वहीं मारपीट में दूसरे पक्ष के इकबाल निवासी ग्राम उपरवाड़ा के सिर में चोट आई है। हाथ में गोली लगने के बाद लक्ष्मण को जावरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रतलाम रेफर कर दिया गया।
जावरा शहर थाना प्रभारी वीडी जोशी ने जावरा में मीडियाकर्मियों को बताया कि विवाद पिपलौदा थान क्षेत्र का है, गोली लगने के बाद घायल को जावरा लाए थे, लक्ष्मण खतरे से बाहर है, उसके बाजू में गोली अंदर फंसी होने से रतलाम रेफर किया गया है। इधर इकबाल का उपचार पिपलौदा में कराया गया है।पुलिस जांच कर रही है।

