• Sat. Nov 7th, 2026

जनसुनवाई में आए 122 आवेदन : अपर कलेक्टर डा. शालिनी श्रीवास्तव ने सुनवाई करते हुए निराकरण के लिए विभागों को दिशा निर्देश जारी किए

BySurendra Jain

Jun 6, 2023

खबर पक्की, 6 जून, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस दौरान अपर कलेक्टर डा. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम श्री संजीव पांडे, श्री त्रिलोचन गौड, डिप्टी कलेक्टर श्री सुनील जायसवाल, सुश्री राधा महंत, सुनील जायसवाल ने जनसुनवाई की। इस दौरान प्राप्त हुए 122 आवेदनों पर निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को जारी किए गए।
जनसुनवाई में ग्राम डोडियाना के एहसान खान ने आवेदन दिया कि उनके द्वारा ई ऑक्शन के माध्यम से ग्राम उदयाखेड़ी की रेत खदान उच्चतम बोली लगाकर प्राप्त की गई जिसमें अनुबंध की कार्रवाई के पहले ही शासन के आदेश अनुसार उक्त रेत खदान ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने के आदेश आ गए इस कारण आवेदक को खदान नहीं दी गई लेकिन नियम के अनुसार बोली करता को 25 प्रतिशत राशि जमा करनी होती है जो मेरे द्वारा जमा की गई है जिसके संबंध में मुझे खनिज विभाग का आशय पत्र भी जारी किया गया है। जमा राशि वापस दिलवाई जाए। आवेदन पर जिला खनिज अधिकारी को निर्देश जारी किए गए कि आवेदक की राशि उसे वापस करने की कार्रवाई करें।
ग्राम शिवगढ़ की पूजा पडीयार ने आवेदन दिया कि उसने खेत के नक्शे सुधार के लिए आवेदन दिया था लेकिन आज तक उसकी सूचना नहीं प्राप्त हुई है जिससे हम कोई काम नहीं कर पा रहे हैं। निवेदन है कि खेती के नक्शे सुधार की कार्रवाई जल्द करें। उक्त आवेदन पर अधीक्षक लैंड रिकॉर्ड को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जावरा की शमीम बी ने शिकायत में बताया कि दो अन्य व्यक्तियों द्वारा उसके साथ प्लाट विक्रय में धोखाधड़ी की गई है। शमीम के आवेदन पर तहसीलदार जावरा को कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए गए। डोसी गांव की असलम बी. ने आवेदन दिया कि उसके पति को थायराइड की बीमारी है और आवेदक गंभीर बीमारी से पीडि़त है पेंशन चालू करवाए जाए। आवेदन पर उपसंचालक सामाजिक न्याय को सहायता के लिए निर्देशित किया गया। जनसुनवाई में सैलाना विकासखंड के ग्राम पंचायत के पंचायत सचिव के अभद्रतापूर्ण व्यवहार की शिकायत स्थानीय व्यक्ति लालू द्वारा की गई। आवेदन पर एसडीएम सैलाना को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
सैलाना तहसील के ग्राम भीलों की खेडी के रहने वाले रु पारगी ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी की शामिलात कृषि भूमि गांव में ही स्थित है जिस पर मेरे भाइयों द्वारा कब्जा कर लिया गया है तथा मेरे हिस्से की भूमि नहीं दी जा रही है। बात करने पर मानसिक तथा शारीरिक रुप से प्रताडित किया जा रहा है। कृपया मुझे भूमि का हिस्सा दिलवाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए एसडीएम सैलाना को प्रेषित किया गया है।
मोहन नगर निवासी रईस अहमद ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी गंभीर बीमारी से पीडित होकर कार्य करने में असहाय है तथा परिवार का भरण-पोषण करने में भी काफी परेशानी का सामना करना पडता है। प्रार्थी को बीपीएल कार्ड प्रदान किया जाए जिससे परिवार की आजीविका के साथ ही उपचार कराने में सहायता प्राप्त होगी। आवेदन निराकरण के लिए संबधित विभाग को भेजा गया है।
लक्ष्मणपुरा निवासी दीपेन्द्र कोली ने जनसुनवाई में बताया कि प्रार्थी की भानेज निकिता प्रार्थी के साथ ही निवास करती है तथा निकिता के पिता की मृत्यु हो चुकी है। निकिता के अध्ययन हेतु जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। पिता के रिकार्ड के बिना जाति प्रमाण पत्र बनने में काफी मुश्किल आ रही है जिससे निकिता की पढाई नहीं हो पा रही है। अत: जाति प्रमाण पत्र बनवाकर प्रदान करने की कृपा करें। आवेदन संबंधित विभाग को निराकरण के लिए प्रेषित किया गया है। अंबिका नगर निवासी प्रदीपसिंह ने बताया कि प्रार्थी की पुश्तैनी जमीन ग्राम शिवगढ में स्थित जिसका सीमांकन करने के लिए सैलाना कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया जा चुका है परन्तु आज दिनांक तक सीमांकन नहीं किया गया है। कृपया सीमांकन करवाया जाए।
ग्राम बडौदिया निवासी 60 वर्षीय दिव्यांग कंचन ने बताया कि प्रार्थीया दिव्यांग होकर हाथों से काम करने में असमर्थ है। प्रार्थिया को शासन की किसी भी योजना का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। प्रार्थिया को दिव्यांग पेंशन तथा आवास योजना का लाभ प्रदान करने की कृपा की जाए। आवेदन संबंधित विभाग को निराकरण हेतु भेजा गया है।

error: Content is protected !!