• Fri. Nov 6th, 2026

लाडली बहना दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजित होगा, लाभान्वित लाडली बहनों के घर दीप जलाए जाएंगे, मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के पंजीकृत हितग्राहियों को प्रथम राशि का अंतरण 10 जून को

BySurendra Jain

Jun 6, 2023

खबर पक्की, 6 जून, रतलाम। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना अन्तर्गत पंजीकृत पात्र महिलाओं के आधार लिंक्ड डीबीटी इनेबल्ड बैंक खातों में प्रथम मासिक आर्थिक सहायता राशि के अंतरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम 10 जून को सायं 6 बजे जबलपुर में आयोजित किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा व सुना जाएगा। इस अवसर पर लाडली बहना दीपोत्सव कार्यक्रम रात्रि में आयोजित किया जाएगा जिसमें लाभान्वित लाडली बहनों के घर दीप जलाए जाएंगे। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा रतलाम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में निगम आयुक्त को नगर निगम क्षेत्र का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
राज्य स्तर से प्रसारित होने वाले राशि अंतरण कार्यक्रम को ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय वार्ड में एलसीडी के माध्यम से दिखाए जाने की समुचित व्यवस्था की जाएगी, जिसमें स्थानीय स्तर पर लाभार्थी लाडली बहनाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम समस्त वार्ड एव ग्राम स्तर पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। इस दौरान ग्राम पंचायत तथा वार्ड स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में रंगोली, लोक गीत, लोक नृत्य, नुक्कड नाटक के साथ ही अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
ग्राम तथा नगरीय निकाय के वार्ड स्तर के कार्यक्रमों को उत्सव का व्यापक रुप देते हुए जनप्रतिनिधियों, जनसेवा मित्र, पेसा मोबिलाइजर, जन अभियान परिषद् की प्रस्फुटन समितियों, अन्त्योदय समितियों, महिला स्वसहायता समूहों, स्वच्छता दूतों, किसान मित्र, सहयोगिनी मातृ समितियों, शौर्या दल के सदस्यों, स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

error: Content is protected !!