• Sat. Nov 7th, 2026

जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक संपन्न, 15 जून तक सभी कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए

BySurendra Jain

Jun 5, 2023

खबर पक्की, 5 जून, रतलाम। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों एवं योजनाओं की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान विभागीय कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण डीपीएम डॉ. अजहर अली द्वारा किया गया। बैठक के दौरान नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवनों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनों, आदि के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि भूमि आवंटन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द संपन्न कर कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने पीआईयू, हाउसिंग बोर्ड एवं नगर पालिका निगम तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भवनों के निर्माण कार्य 15 सितंबर तक प्रत्येक स्थिति में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित रहने के कारण यू.पीआईयू के कार्यपालन यंत्री का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जिला कोषालय अधिकारी को दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एनएचएम की सब इंजीनियर का एक माह का मानदेय रोकने के निर्देश दिए। नगर पालिका निगम आयुक्त को बैठक में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया। निगमायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक के अंतर्गत क्षेत्र का चयन कर लिया गया है तथा कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा रहा है।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक के संबंध में सीएमएचओ, डीपीएम तथा नगर निगम आयुक्त को आपस में समन्वय कर कार्य में प्रगति लाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने नोडल अधिकारी (शहरी स्वास्थ्य) से मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक की सेवाओं के बारे में विस्तार से संज्ञान लिया एवं परिणामोन्मुखी सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। डीपीएम डॉक्टर अजहर अली द्वारा नेशनल क्वालिटी एसेसमेंट, लक्ष्य कार्यक्रम के अंतर्गत संस्थाओं का अपग्रेडेशन आदि के संबंध में आ रही समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए गए बरडिया गोयल की पुरानी बिल्डिंग का टेंडर संबंधी प्रक्रिया में विलंब के कारण बीएमओ बरडिया गोयल का एक माह का वेतन रोके जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीपीएम द्वारा अनमोल एप में गर्भवती माताओं के रजिस्ट्रेशन की स्थिति की जानकारी दी गई। इस संबंध में सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने निर्देशित किया कि सभी एएनएम को विकासखंड मुख्यालय पर बुलाकर समस्त गर्भवती माताओं की चार जांच पूर्ण करते हुए समस्त डाटा अनमोल एप में प्रविष्टि करे।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा समस्त एनिमिक गर्भवती माताओं को आयरन सुक्रोज लगाने एवं सभी प्रकार की आवश्यक संदर्भ सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राइवेट अस्पताल में गर्भवती माताओं की डिलीवरी की प्रविष्टि अनमोल एप्प सॉफ्टवेयर में अनिवार्य रूप से कराई जाए। समीक्षा बैठक में गैरसंचारी रोगों, पोषण पुनर्वास केंद्र, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, एकीकृत रोग निगरानी परियोजना, मातृ मृत्यु समीक्षा, शिशु मृत्यु समीक्षा, दस्तक अभियान आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आगामी बैठक 15 जून को आयोजित की जावे एवं बैठक में अनुभागवार कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी एसडीएम एवं बीएमओ द्वारा प्रस्तुत की जाए। इसके संबंध में प्रस्तुतीकरण सीएमएचओ द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि कार्य में प्रगति ना आने की दशा में संबंधितों का वेतन रोकने की कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडी एम रतलाम शहर, एसडीएम रतलाम ग्रामीण, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री रजनीश सिन्हा, न्यूट्रिशनल इंटरनेशनल के संभागीय समन्वयक श्री आशीष पुरोहित एम एंड ई श्री आशीष कुमावत सहित समस्त विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!