• Sat. Nov 7th, 2026

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि 10 जून को हितग्राही बहनों के खातों में अंतरित की जाएगी, जून के प्रथम सप्ताह में गाँव- गांव, शहर-शहर किया जा रहा है स्वीकृति-पत्रों का वितरण, 8 जून को होंगी लाड़ली बहना ग्राम सभाएं

BySurendra Jain

Jun 2, 2023

खबर पक्की, 2 जून, रतलाम। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में आगामी 10 जून को हितग्राही बहनों के बैंक खातों में राशि डाली जाएगी। प्रत्येक बहन को प्रतिमाह एक हजार रुपए मिलेंगे। पहली राशि 10 जून को मिलने वाली है जिसके लिए कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में जिले में पूरी तैयारी कर ली गई है। बहनों के बैंक खाते चेक कर लिए गए हैं। सुनिश्चित किया गया है कि बैंक खाते आधार लिंक हों, डीबीटी इनेबल हों। जिन बहनों को अंतिम रुप से हितग्राही सूची में सम्मिलित किया गया है, उनके नाम की सूची ग्राम पंचायतों के वार्डों, नगरीय निकाय वार्डों तथा संबंधित कार्यालयों पर चस्पा कर दिए गए हैं। समस्त आपत्तियों का निराकरण कर दिया गया है। जिले के गांव-गांव, शहर-शहर में पात्र हितग्राहियों को जनप्रतिनिधियों, शासकीय अमले द्वारा स्वीकृति पत्र बांटे किए जा रहे हैं।
जिले में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना अन्तर्गत 2 लाख 46 हजार महिलाएं पात्र पाई गई हैं। सभी को स्वीकृति पत्र प्रदान किया जाएगा। योजना के लिए आगामी 8 जून को जिले में विशेष ग्रामसभा आयोजित की जाएगी। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले के शासकीय अमले को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन से पात्र हितग्राही के परिवार को आर्थिक संबल मिलेगा। साथ ही व्यापक स्तर पर योजना लागू होने से ग्राम और शहरों की अर्थव्यवस्था पर भी सकारात्मक प्रभाव होंगे। पूर्व में लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं की इम्पेक्ट स्टडी से भी यह तथ्य सामने आया है। इस नाते अर्थ-शास्त्रियों, योजना और नीति-निर्माण से जुड़े विशेषज्ञों के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अध्ययन का विषय बनेगी। जून के प्रथम सप्ताह के दौरान जिले में भजन, मंगल-गीत और लाड़ली बहना गीतों की प्रस्तुति की योजना भी बनाई गई है। सभी गतिविधियों को उत्सव के रूप में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान 10 जून को जबलपुर में राशि वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। योजना की पात्र हितग्राही बहनों के खातों में एक हजार रूपए की राशि अंतरित करते हुए उन्हें संबोधित करेंगे। पात्र बहनों को योजना का लाभ दिलाने के लिए बैंक स्तर पर डी.बी.टी. संबंधी कार्यवाहियां सम्पन्न की गई है। तकनीकी कारणों से जहाँ इस कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण नहीं किया जा सका है, वहाँ तेजी से कार्य किया जा रहा है।
नामली में घर-घर हुआ स्वीकृति पत्रो का वितरण
जिले की नगर परिषद नामली के वार्ड क्रमांक 2 से 1 जून को घर-घर जाकर लाडली बहना योजना के स्वीकृति पत्र वितरण का शुभारम्भ हर्षोल्लास के साथ किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती अनीता रजनीश परिहार व उपाध्यक्ष श्रीमती पूजा योगी ने परिषद पदाधिकारीगणों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में स्वीकृति पत्रों का वितरण किया। इस अवसर पर नगर परिषद के सभापति राजेश चौहान, राधेश्याम पडियार, पार्षद सीमा अजय जोगचद, प्रहलाद संत, बलवंतसिंह सोनगरा, पंकज जाट, ममता बंटी डाबी, विष्णु गुजरिया, रवि गहलोत, सत्येन्द्र परिहार, समाजसेवी गंगाराम धारवा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी नासिर अली, राजेंद्र पथरोड एवं निकाय के समस्त कर्मचारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!