खबर पक्की, 7 मई, रतलाम। मंदसौर के मल्हारगढ़ में सड़क हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई। हादसा महू-नीमच फोरलेन पर हुआ। बताया जा रहा है कि रतलाम पुलिस डीआरपी लाइन में पदस्थ रामचंद्र (60) पिता मांगीलाल भाटी बाइक से रोड क्रॉस कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में पुलिस निरीक्षक रामचंद्र भाटी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची मल्हारगढ़ पुलिस ने शव को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया है। मल्हारगढ़ थाने पर पदस्थ एसआई बलदेव चौधरी ने बताया कि रामचंद्र भाटी रतलाम डीआरपी लाइन में निरीक्षक पद पर पदस्थ थे। वे वर्तमान में महिला सेल में कार्य देख रहे थे। वे इंदौर के बोरखेड़ी गांव के रहने वाले थे। किसी काम से मल्हारगढ़ आए थे।

