• Sat. Nov 7th, 2026

जिले के नगरी निकाय स्वच्छ सर्वेक्षण में अव्वल रैंकिंग लाने की तैयारियों में जुटे, अब सभी सीएमओ प्रत्येक सुबह-जल्दी फील्ड में नजर आएंगे

BySurendra Jain

Apr 26, 2023

खबर पक्की, 26 अप्रैल, रतलाम। जिले में नगरीय निकाय द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 की तैयारियां शुरू कर दी गई है। जिले का प्रत्येक निकाय स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने के लिए जुड़ गया है। तैयारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को संपन्न हुई। कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा नगरीय निकाय की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की गई।
सभी सीएमओ को सख्ती से ताकीद की कि वह प्रत्येक सुबह जल्दी अपनी फील्ड में नजर आएंगे। चेक लिस्ट अपने साथ रखेंगे, प्रत्येक बिंदु पर अपने नगरीय निकाय की तैयारियों का प्रतिदिन जायजा लेंगे। स्वच्छ सर्वेक्षण के संबंध में आयोजित बैठक में उपस्थित कंसल्टेंसी द्वारा जिले की तैयारियों के संबंध में बिंदुवार अवगत कराया गया जिसमें अच्छे कार्यों के साथ-साथ कमियों को भी बताया गया जिनको दूर करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा नगरपालिका अधिकारियों को दिए गए। निगम आयुक्त ए.पी. सिंह गहरवार, डोडा अरुण पाठक उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि गत वर्ष की तुलना में इस बार सभी नगरीय निकायों की तैयारियां अच्छी हैं परंतु जन जागरूकता का माहौल उत्पन्न करना है। जावरा, बड़ावदा, ताल, आलोट में शौचालयों पर ध्यान देने की आवश्यकता है। कंसल्टेंसी द्वारा सौंदर्यीकरण कार्य में कमी की ओर इंगित किया गया। नालों की सफाई पर भी ध्यान देने की बात कही गई। यदि नगर पालिका अधिकारियों द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण के एन समय पर ही नालों की सफाई की गई है तो उसका लाभ अंको के रूप में नहीं मिलने वाला है क्योंकि तत्काल की गई सफाई अलग दिख जाती है। नगरीय निकाय मे सोशल मीडिया पर सक्रियता दिखाने की आवश्यकता है।
बताया गया कि सोशल मीडिया प्रचार प्रसार एवं जागरूकता उत्पन्न करने में बड़ावदा, ताल, आलोट सबसे ज्यादा पीछे हैं। कचरे को बगैर प्रोसेस किए डंप भी नहीं करने के लिए निर्देशित किया गया। दस्तावेजीकरण पर भी जोर दिया गया। कंसल्टेंसी ने अपने अध्ययन में बताया कि जिले में सड़कों पर फुटपाथ व्यवस्थित करने की आवश्यकता है। डीवाइडर पर ग्रीनरी लगाई जाए, सेप्टिक टैंक से ओवरफ्लो नालियों में नहीं जाए इसका ध्यान रखा जाए। होम कंपोस्टिंग में रतलाम को छोड़कर अन्य निकायों में कमियों को दूर करने की आवश्यकता है। स्लम बस्तियों के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया। व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल के बारे में बताया गया। जिला स्तर से हर एक नगरीय निकाय के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। फालतू चीजों से कलाकृतियों के निर्माण के संबंध में विशेष रूप से नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया जिससे कि सौंदर्यीकरण का विस्तार हो सके।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा सभी नगरपालिका अधिकारियों को चेक लिस्ट बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हर एक सप्ताह समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में निकायों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वच्छ सर्वेक्षण से शत-प्रतिशत नागरिकों को जोड़ा जाए, उनसे सकारात्मक फीडबैक मिले। स्वच्छता एप डाउनलोड करवाएं, विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। कचरा वाहन समय पर वार्डों में पहुंचे, स्वच्छ सर्वेक्षण पर आगामी 29 अप्रैल को कलेक्टर द्वारा पुन: समीक्षा की जाएगी।

error: Content is protected !!