• Fri. Nov 6th, 2026

ज्योत्सना के आवेदन पर कलेक्टर ने निगम अधिकारी को निर्माण तत्काल रुकवाने के निर्देश दिए, जिला स्तरीय जनसुनवाई में 49 आवेदनों पर निराकरण के लिए निर्देशित किया

BySurendra Jain

Apr 25, 2023

खबर पक्की, 25 अप्रैल, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा संवेदनशीलता के साथ जनसुनवाई करते हुए आवेदनों का निराकरण किया गया। आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित किया। इस दौरान कलेक्टर द्वारा कई अधिकारियों को मोबाइल पर निर्देशित किया गया। साथ ही वीसी के माध्यम से कनेक्ट एसडीएम से भी चर्चा कर उनको उनके क्षेत्र के संबंध में आवेदन पर निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में रतलाम की आवेदिका श्रीमती ज्योत्सना निरंजनी निवासी सिविक सेंटर ने आवेदन दिया कि उनका एक प्लाट बिरियाखेड़ी में है। प्लाट से लगे हुए एक निजी स्कूल की संचालिका द्वारा उनके प्लाट पर कब्जा करने की नियत से निर्माण कार्य किया जा रहा है, उसे तत्काल रुकवाया जाए। कलेक्टर ने आवेदन पर तत्काल नगर निगम के अधिकारी को निर्देशित किया कि मौके पर जाएं, निर्माण रोके, जांच करें तथा जांच के पश्चात अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
रतलाम के ब्राह्मणों का वास के कपिल शर्मा ने आवेदन दिया कि उनकी पत्नी मोनिका गंभीर रूप से बीमार हैं। उपचार पर समस्त जमा पूंजी खर्च हो चुकी है, कर्ज भी ले लिया है परंतु ऑपरेशन शेष है, जिस पर 3 से 4 लाख रुपए तक आएगा, मदद की जाए। कलेक्टर ने आवेदन पर जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर को दूरभाष पर निर्देशित किया कि मरीज की मदद करें, जितना अधिकाधिक संभव हो सके मरीज की हेल्प की जाए। प्रार्थी की पत्नी को एम वाय हॉस्पिटल इंदौर ले जाना है, इसके लिए शासकीय एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए। आयुष्मान कार्ड भी बनवाया जाए और राशि से भी मदद की जाए।
जनसुनवाई मे आए बालक यश गांधी ने आवेदन दिया कि रतलाम में रोड पर जो कार्य हो रहा है वह व्यर्थ है क्योंकि कई जगह पर लोग अपनी गाडिय़ां लगा जाते हैं जिस वजह से वहां ट्रैफिक जाम होता है और आने जाने में दिक्कत होती है। शहर में रोड पर लोग अपनी ठेला गाड़ी लगाने लगे हैं। सब्जी मंडी को उसके पूर्व स्थान पर भेजा जाए। पार्किंग व्यवस्था में सुधार किया जाए। आवेदन पर नगर निगम आयुक्त को कलेक्टर द्वारा कार्य योजना तैयार कर निराकरण के लिए निर्देशित किया गया।

error: Content is protected !!