खबर पक्की, 20 अप्रैल, रतलाम। म.प्र. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी लिमिटेड रतलाम के अन्तर्गत सभी कम्पनी मुख्यालय द्वारा प्रदत्त लक्ष्य को प्राप्त किया गया। विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय सीमा में निराकरण किया जा रहा है।
कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में मुख्यमंत्री हेल्पलाईन में विभाग पिछले छह माह से ए ग्रेड में आ रहा है। वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान विभाग द्वारा विद्युत समस्याओं के निराकरण हेतु 5 एमव्हीए अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर बाजना में स्थापित कर बाजना क्षेत्र के लगभग 45 ग्रामों की वाल्टेज समस्या का समाधान किया गया है। इसी प्रकार 3.15 एमव्हीए पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना की गई है जिससे हनुमंतिया क्षेत्र के आसपास 22 ग्रामों में भी विद्युत वाल्टेज समस्या का समाधान किया गया है।
अधीक्षण यंत्री विद्युत सुरेश वर्मा ने बताया कि 3.15 से 5 एमव्हीए बिलपांक, मूंदडी, धराड एवं बदनारा उपकेन्द्रों पर 5 से 8 एमव्हीए पावर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य सम्पन्न किया गया है। साथ ही 5 किलोमीटर 11 केव्ही लाईन की स्थापना कर दो फीडरों पर भार प्रबंधन का कार्य किया गया। अतिरिक्त वितरण ट्रांसफार्मरों 48 नग एवं 98 नग की वितरण ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य किया गया जिससे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत प्रदाय सुनिश्चित किया गया। अन्य स्वीकृत कार्य जो अभी प्रगतिरत हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।
