खबर पक्की, 20 अप्रैल, रतलाम। जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर विकासखंड बाजना की ग्राम पंचायत रानीसिंग उण्डवा नाले पर स्थित स्टॉप डेम पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था जिसमें वर्षा ऋतु का एक बूंद पानी भी नहीं रुकता था। ग्राम पंचायत रानीसिंग ने ग्रामसभा में उक्त स्टॉप डेम के जीर्णोद्धार हेतु प्रस्ताव पारित किया।
महात्मा गांधी मनरेगा योजना अंतर्गत पुष्कर धरोहर समृद्धि अभियान में कार्य स्वीकृत कर प्रारंभ किया गया। स्टापडेम जीर्णोद्धार कार्य पर स्थानीय लोगों को 594 दिवस का रोजगार भी प्राप्त हुआ। सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिडे ने बताया कि स्टापडेम जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने के उपरांत इसमें लगभग एक लाख घन मीटर का जल भंडारण हो रहा है। जिससे क्षेत्र से 70-80 किसानों की लगभग 100 हेक्टेयर भूमि सिंचित हो रही है। साथ ही मवेशियों के लिए पीने के पानी के रूप में उपयोग हो रहा है।
