• Sat. Nov 7th, 2026

जिला स्तरीय जनसुनवाई में 89 आवेदनों पर निराकरण के लिए निर्देश जारी किए गए

BySurendra Jain

Mar 28, 2023

खबर पक्की, 28 मार्च, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस दौरान कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने मुख्य रूप से जन सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को शिकायत आवेदनों का निपटारा के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर के अलावा एसडीएम संजीव पांडे तथा त्रिलोचन ने भी जनसुनवाई की। जनसुनवाई में 89 आवेदनों पर निराकरण के निर्देश जारी किए गए।
जनसुनवाई में सैलाना के रहने वाले गोवर्धनलाल वाले ने आवेदन दिया कि नगर परिषद द्वारा उसको उसकी दुकान आवंटित नहीं की जा रही है। आवेदन पर सैलाना,एसडीएम को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया जनसुनवाई में बाजना की राजूबाई कालीबाई द्वारा बाजना के मिडिल स्कूल तथा प्राथमिक स्कूल में मध्यान्ह भोजन में अनियमितता की शिकायत की गई। इस पर सीईओ जिला पंचायत को परीक्षण करके समुचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
इसी प्रकार गणेश नगर नयागांव राजगढ़ रतलाम निवासी भागीरथ पंचाल द्वारा शिकायत की गई कि उसका खाता जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में है, उसके खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा 80 हजार रूपए निकाल लिए गए हैं जबकि इसकी जानकारी प्रार्थी को नहीं थी। पासबुक एंट्री करवाने गया तो पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके खाते से बगैर अनुमति, बगैर डायरी लिए जाली हस्ताक्षर करके 80 हजार रूपए निकाल लिए। बैंक मैनेजर को बताया गया तथा सीसीटीवी कैमरे के फुटेज मांगे गए तो बैंक मैनेजर द्वारा बताया गया कि डेढ़ वर्ष हो गए हैं, हमारे यहां कैमरे बंद हैं। मैनेजर ने कहा कि हम हमारे बैंक की तरफ से कार्रवाई कर रहे हैं, आप भी कार्रवाई करें। इस कारण जनसुनवाई में आया, शिकायत पर जांच हेतु कलेक्टर द्वारा पुलिस अधीक्षक को निर्देश जारी किया गया।
ग्राम झालवा तहसील जावरा निवासी शंकरलाल प्रजापत ने आवेदन दिया कि उसको पिछले 26 महीने से ग्राम पंचायत ने बकाया वेतन नहीं दिया है जबकि वहां 15 सालों से ग्राम पंचायत में भर्ती का काम ईमानदारी से करता आ रहा है। सरपंच पति एवं सचिव द्वारा परेशान किया जा रहा है। बकाया वेतन मांगने पर काम से निकालने की धमकी देते हैं। वीडियो बनाकर टॉर्चर करते हैं, शांति भंग करने के प्रकरण में फंसाने की धमकी देते हैं। सरपंच पति सचिव दोनों रिश्वत की मांग करते हैं। आवेदन पर कार्रवाई के लिए सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया गया।
ग्राम खेरवाड़ा तहसील जावरा के प्रकाश पिता स्वर्गीय सीताराम ने आवेदन दिया कि उसकी भूमि पर अन्य व्यक्ति द्वारा कब्जा कर लिया गया है, उसकी भूमि दिलवाई जाए। आवेदन पर एसडीएम जावरा को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। ग्राम पंचायत चंदेरा जनपद पंचायत सैलाना के सरपंच द्वारा आवेदन दिया गया कि ग्राम बल्लीखेड़ा से चंदेरा तक पक्की सड़क नहीं होने से आने जाने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है, अत: सड़क बनवाई जाए। आवेदन पर महाप्रबंधक एमपीआरडीसी को निर्देशित किया गया।

error: Content is protected !!