खबर पक्की, 26 फरवरी, रतलाम। रतलाम के किसान से रास्ता पूछने के लिए रोककर मोबाइल लूटकर भागने वाले 3 बदमाशों को बड़ावदा थाना पुलिस ने पकड़ा है। शनिवार को खाचरोद के बहलोला गांव के किसान धर्मेंद्र जावरा की तरफ आ रहे थे तभी रास्ते में पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक रास्ता पूछने के बहाने किसान से मोबाइल लूट कर फरार हो गए थे। बड़ावदा थाने पर शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से फरार हुए आरोपियों को 5 घंटे में ही पकड़ लिया । गिरफ्तार तीनों आरोपी इंदौर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में उपयोग की गई पल्सर मोटरसाइकिल भी जप्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जावरा के समीप बहलोला गांव के रहने वाले किसान धर्मेन्द्र शनिवार को दिन में अपने गांव से जावरा जा रहे थे। यशस्वी पेट्रोल पंप और बाबा फरीद दरगाह के बीच नागदा तरफ से एक बजाज पल्सर मोटरसाईकिल पर तीन युवक आए और रतलाम जाने का रास्ता पूछने लगे। किसान रास्ता बताने लगा तो पीछे बैठे लडके ने किसान की शर्ट की जेब से मोबाईल लूट लिया और भाग गये । जिसकी रिपोर्ट पर से थाना बडावदा में प्रथम दर्ज किया गया था। पुलिस ने 2 टीम बनाकर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की वहीं साइबर सेल की मदद से 5 घंटे में ही इंदौर निवासी मनीष यादव, मनीष वर्मा और सूरज धोटे को गिरफ्तार किया है।

