• Sat. Nov 7th, 2026

छोटी सी बालिका मीनाक्षी की खातिर उसके स्कूल पहुंचे कलेक्टर, बालिका की पढ़ाई का खर्च प्रशासन उठाएगा

BySurendra Jain

Feb 21, 2023

खबर पक्की, 21 फरवरी, रतलाम। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी की संवेदनशीलता की पराकाष्ठा मंगलवार जनसुनवाई में देखने को मिली जब एक छोटी सी बालिका का दुखड़ा सुनकर कलेक्टर खुद उसके स्कूल पहुंच गए। स्कूल संचालक से बात की, बालिका को स्कूल में एडमिशन दिलवाया। कलेक्टर ने कहा बालिका की पढ़ाई का खर्च प्रशासन वहन करेगा।
रतलाम के गांधी नगर की रहने वाली 9 वर्षीय बालिका मीनाक्षी शर्मा के बचपन में ही उसकी माता का निधन हो गया था, पिता ने दूसरी शादी कर ली और कहीं अन्यत्र चला गया। बालिका दादी सरिता शर्मा के साथ रहती है, गरीब दादी पढ़ाई का खर्च उठाने में असमर्थ है। मंगलवार को जनसुनवाई में मीनाक्षी अपनी दादी के साथ कलेक्टर के पास आई, आवेदन दिया। दादी ने बताया कि शहर के सेंट स्टीफन स्कूल की कक्षा चौथी की विद्यार्थी मीनाक्षी को स्कूल वालों ने फीस नहीं देने के कारण निकाल दिया है। बहुत निवेदन के बाद भी स्कूल में नहीं बैठा रहे हैं। दादी की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि बालिका को पढ़ा सके।
बालिकाओं की परेशानी को सुनकर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी तत्काल महिला बाल विकास अधिकारी रजनीश सिन्हा, डीपीसी एम.एल. सांसरी को साथ लेकर बालिका के स्कूल पहुंचे। स्कूल संचालक श्री संजय उपाध्याय से चर्चा की, उनको समझाया। कलेक्टर ने कहा कि बालिका मीनाक्षी की पढ़ाई में अब कोई बाधा नहीं आएगी उसकी पढ़ाई का पूरा खर्च प्रशासन उठाएगा। स्कूल फीस रेडक्रॉस से दी जाएगी। कलेक्टर ने उसी समय बालिका को स्कूल में भर्ती कराया। बाजार से चॉकलेट मंगाकर बालिका को दी। इसके बाद बालिका और उसकी दादी को अपने स्वयं के शासकीय वाहन से बालिका के जवाहर नगर स्थित निवास पर पहुंचाया।
इस दौरान कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि स्वयं हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान बालिकाओं की परवरिश और उनकी शिक्षा के लिए अत्यंत संवेदनशील है, इसीलिए उनके द्वारा लाडली लक्ष्मी तथा अन्य बेहतरीन योजनाए प्रदेश में लागू की गई है। मुख्यमंत्री की भावना एवं निर्देश अनुसार जिला प्रशासन भी बालिकाओं के हितों की रक्षा के लिए जागरूक एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है।

error: Content is protected !!