खबर पक्की, 21 फरवरी, रतलाम। जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार रात सैलाना थाना क्षेत्र के अडवानिया-इसरथूनी मार्ग पर गोवर्धनपुरा के समीप ट्रैक्टर-ट्राली व बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे बाइक पर सवार तीनों लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय अंकित भगौरा पुत्र दिलीप भगौरा, 19 वर्षीय सुनील भगौरा पुत्र रामा भगौरा व 16 वर्षीय अजय उर्फ अज्जू पुत्र राजू भगौरा तीनों निवासी ग्राम डोकरिया कुंड सोमवार को अजय के मामा सरदार निवासी ग्राम गोवर्धनपुरा के घर गए थे।
तीनों रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक ओर सवार होकर ग्राम गोवर्धनपुरा से वापस अपने गांव डोकरिया कुंड लौट रहे थे। तभी अडवानिया मार्ग पर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे तीनों बाइक सहित नीचे जा गिरे और अजय व सुनील ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद सूचना मिलने पर सैलाना थाना प्रभारी अय्यूब खान भी अपने वाहन के साथ एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। तीनों को ग्रामीणों की मदद से सैलाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ देर बाद गंभीर रूप से घायल अंकित ने भी दम तोड़ दिया। तीनों के शव पोस्टमार्टम रूम में रखवाए गए हैं। थाना प्रभारी खान ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है।

