खबर पक्की, 21 फरवरी, रतलाम। मंगलवार की जनसुनवाई रतलाम जिले के आलोट के रहने वाले दिव्यांग श्यामलाल के लिए वरदान साबित हुई जब कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने दिव्यांग की परेशानी को संवेदनशीलता के साथ सुना, उसको तत्काल ट्राईसाईकिल दिलवाई। साथ ही घर तक जाने के लिए अपनी जेब से पैसे भी दिए।
जनसुनवाई में आने वाला श्यामलाल दोनों पैरों से दिव्यांग है, चल फिर नहीं पाता है। उसने अपनी परेशानी कलेक्टर को सुनाई। कलेक्टर ने उपसंचालक सामाजिक न्याय श्रीमती संध्या शर्मा को निर्देशित किया कि दिव्यांग को तत्काल ट्राईसाईकिल उपलब्ध कराई जाए। कलेक्टर के निर्देश पर विभाग द्वारा जनसुनवाई में ही ट्राईसाईकिल लाकर दिव्यांग को प्रदान की गई। इसके साथ ही कलेक्टर ने आलोट तक बस में ट्राईसाईकिल के साथ जाने के भाड़े हेतु 500 रुपए अपनी जेब से श्यामलाल को प्रदान किए।

