खबर पक्की, 20 फरवरी, रतलाम। महू-नीमच हाइवे (फोरलेन) पर आधी रात बदमाशों (तस्करों) को पकडऩे गए पुलिस दल को बदमाशों ने खूब छकाया। धौंसवास पेट्रोल पंप के पास बदमाशों के एक वाहन ने औद्योगिक क्षेत्र टीआई के वाहन को टक्कर मार दी।
इस दौरान टीआइ बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।अन्य थाना क्षेत्रों की पुलिस ने भी घेराबंदी करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश वाहन तेजी से भगाते हुए टोल नाके के स्टापर को भी क्षतिग्रस्त कर भाग निकले।
सूत्रों के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र टीआइ राजेंद्र वर्मा को मुखबिर से रविवार व सोमवार की दरमियानी रात करीब पौने तीन बजे सूचना मिली थी कि हाइवे के सेजावता फंटे से बदमाशों के छह पिकअप वाहन गुजरने वाले हैं।
कुछ देर बाद पुन: सूचना आई कि वाहन तस्करों के हो सकते हैं। टीआइ दल लेकर कुछ देर बाद सेजावता फंटे के पास पहुंचे व घेराबंदी की।
इंदौर की तरफ जाने वाले रास्ते पर ट्रक खड़ा करके रास्ता होका तथा बंजली की तरफ जाने वाले रास्ते के किनारे अपना वाहन खड़ा करके वे दूर जाकर खड़े हो गए। कुछ देर बाद जावरा की तरफ से छह वाहन तेजी से आए और ट्रक खड़ा देखकर पलटाकर वापस नामली की तरफ भागे। टीआइ ने उनका पीछा किया, लेकिन रास्ते में कहीं वाहन नहीं दिखाई दिए।
पेट्रोल पंप के पास से अचानक निकले वाहन
टीआइ ने नामली थाना सूचना देकर नाकाबंदी करने के लिए कहा तथा वाहनों की तलाश करते हुए धौंसवास स्थित पेट्रोल पंप के पास तक पहुंचे, लेकिन कहीं वाहन दिखाई नहीं दिए। वे समझे कि वाहन रास्ते में कहीं अंधेरे में खड़े किए होंगे। वे वाहनों को तलाश करते हुए जा रहे थे, तभी पेट्रोल पंप के पास से छह वाहन अचानक स्टार्ट हुए और पांच वाहन उनके वाहन के पास से तेजी से इंदौर की तरफ जाने लगे।
कुछ पल बाद छटा वाहन आया और उनके वाहन को टक्कर मार कर चला गया। इससे उनके वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने सालाखेड़ी व बिलपांक पुलिस को सूचना देकर नाकाबंदी कराई। बदमाश वाहन नामली की तरफ ले गए और वहां से पलटाकर पुन: इंदौर की तरफ जाने लगे। पीछा करने के दौरान टीआइ के वाहन का एक पहिया पंक्चर हो गया। इसके बाद भी उन्होंने काफी दूर तक बदमाशों के वाहनों का पीछा किया ।
तीन वाहन टोल नाके के स्टापर तोड़ते हुए निकले
छह वाहन इंदौर की तरफ तेजी से गए। उनमें से तीन वाहन किसी और रास्ते से निकल गए।वहीं तीन वाहन बिलपांक थाना क्षेत्र के चिकलिया टोल नाके के स्टापर तोड़ते हुए इंदौर की तरफ भाग निकले। पुलिस ने सुबह तक बदमाशों के वाहनों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। पुलिस हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। वाहनों में मादक पदार्थ था या अन्य सामग्री थी यह पता नहीं चल पाया।

