• Sat. Nov 7th, 2026

महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे का माननीय सांसदों के साथ बैठक

BySurendra Jain

Feb 17, 2023

खबर पक्की, 17 फरवरी, रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे अशोक कुमार मिश्र एवं माननीय सांसदों के साथ बैठक का आयोजन मंडल कार्यालय रतलाम के समिति कक्ष में 17 फरवरी, 2023 को संपन्न हुआ।
बैठक की शुरूआत माननीय अतिथियों के स्वागत से किया गया तथा उसके उपरांत पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार मिश्र द्वारा स्वागत उदबोधन में पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में
बताया गया। अतिथियों द्वारा सर्वसम्मति से गुमान सिंह डामोर, सांसद रतलाम-झाबुआ को बैठक का अध्यक्ष चुना गया तथा तथा बैठक का आयोजन गुमान सिंह डामोर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों को मंडल रेल प्रबंधक रजनीश कुमार द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से रतलाम मंडल की उपलब्धियों सहित संरक्षा, सुरक्षा एवं अधोसंरचनात्मक विकास के संदर्भ में किए जा रहे कार्यों को बताया गया।
सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों द्वारा रतलाम मंडल द्वारा संरक्षा, सुरक्षा, यात्री सुविधा, अधोसंरचनात्मक विकास से संबंधित क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों को की सराहना की तथा कहा कि इस वर्ष बजट में रतलाम मंडल को 2200 करोड़ से अधिक की राशि आवंटित की गई है जो अभी तक रिकॉर्ड है तथा आशा करते हैं कि मंडल द्वारा प्राप्त बजट का अच्छी तरह उपयोग किया जाएगा।
सांसदों द्वारा रतलाम मंडल के विभिन्न मुद्दों जैसे- नीमच-रतलाम खंड एवं इंदौर-देवास-उज्जैन खंड का दोहरीकरण, इंदौर दाहोद नई रेल लाइन, महू सनावद आमान परिवर्तन कार्य को शीघ्रता से पूरा करने, नीमच बड़ी सादड़ी एवं रतलाम बांसवाड़ा नई रेल लाइन पर विशेष ध्यान देने, उज्जैन में क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण कार्य की शुरूआत करने, उज्जैन एवं इंदौर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को शीघ्रता से करने, रतलाम-इंदौर वाया फतेहाबाद के साथ उज्जैन-फतेहाबाद खंड का दोहरीकरण करने, कोटा नागदा मेमू ट्रेन को रतलाम तक बढ़ाने, भोपाल जयपुर एक्सप्रेस में सामान्य श्रेणी के डिब्बे बढ़ाने, उज्जैन स्टेशन के पास गदा पुलिया के पास नया अंडर ब्रिज का निर्माण करने, बामनिया स्टेशन पर रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण करने, मेघनगर सहित अन्य स्टेशनों जहॉं मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव है, मेघनगर स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 01 एवं 02 पर पूरे प्लेटफार्म पर कवरशेड लगाने, चित्तौडग़ढ़-रतलाम ट्रेन का दाहोद स्टेशन तक विस्तार करने, उज्जैन-दाहोद मेमू में कोच की संख्या बढ़ाने, कोविड के दौरान रतलाम मंडल के जिन-जिन स्टेशनों पर ठहराव समाप्त किया गया है पुन आरंभ करने, रामदेवरा के लिए वाया चित्तौडग़ढ़ एक नई ट्रेन चलाने, गाड़ी संख्या 19023/24 मुम्बई सेंट्रल फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस को पुन: चालू करने,
शंभूपुरा स्टेशन पर इंदौर उदयपुर ट्रेन का ठहराव देने, चंदेरिया स्टेशन पर मेवाड़ एक्सप्रेस का ठहराव देने, चित्तौडग़ढ़ स्टेशन पर एस्केलेटर, समपार फाटक के स्थान पर आरओबी/आयूबी का निर्माण करने, स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण करने, खंडवा सनावद के मध्य ट्रेन सेवा शुरू करने, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जावरा स्टेशन को शामिल करने, इंदौर से साप्ताहिक, द्वि-साप्ताहिक गाडियों को प्रतिदिन चलाने, इंदौर से गुना, सागर, गोरखपुर, आदि स्टेशनों के लिए नई ट्रेन शुरू करने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे अशोक कुमार मिश्र ने माननीय सांसदों एवं सांसद प्रतिनिधियों के मुद्दों को ध्यान पूर्वक सुनकर सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि आपके सुझावों पर विचार कर तथा उचित निर्णय लेकर आपको
यथाशीघ्र सूचित किया जाएगा।
इस बैठक में माननीय सांसद मंदसौर सुधीर गुप्ता, सांसद रतलाम गुमान सिंह डामोर, माननीय सांसद इंदौर शंकर लालवानी, सांसद पंचमहल रतन सिंह राठौर के अतिरिक्त विधायक रतलाम ग्रामीण दिलीप कुमार मकवाना माननीय सांसद सुमेर सिंह सोलंकी के प्रतिनिधि के रुप में शामिल हुए। बैठक में सांसद खंडवा ज्ञानेश्वर पाटील, सांसद धार छतरसिंह दरबार एवं सांसद चित्तौडग़ढ़ सीपी जोशी के प्रतिनिधि इस बैठक में शामिल हुए। रेलवे की ओर से महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे अशोक कुमार मिश्र एवं मंडल रेल प्रबंधक रजनीश कुमार के अतिरिक्त मुख्यालय से प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त, प्रमुख मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर, प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी(निर्माण), प्रमुख मुख्य इंजीनियर, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एवं प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक शामिल हुए।

error: Content is protected !!