• Sat. Nov 7th, 2026

अमृतकाल का यह बजट युवा पीढ़ी को नई दिशा देगा : काश्यप, भाजयुमो द्वारा परिचर्चा का आयोजन, युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान

BySurendra Jain

Feb 17, 2023

खबर पक्की, 17 फरवरी, रतलाम। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने भारत की अर्थव्यवस्था पर परिचर्चा का आयोजन किया। इसमें विधायक चेतन्य काश्यप ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2023-24 के केंद्रीय बजट की युवाओं को विस्तृत जानकारी दी और बजट से जुड़े सवालों के जवाब देकर उन्हे संतुष्ट किया। श्री काश्यप ने बताया कि अमृतकाल का यह बजट युवा पीढ़ी को नई दिशा देने वाला है।
परिचर्चा में श्री काश्यप के साथ भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विप्लव जैन, भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक रजनीश गोयल, सीए ऐसोसिएशन के अध्यक्ष अंकित भंडारी उपस्थित रहे। विधायक श्री काश्यप ने बताया कि सात लाख रुपये तक की कमाई पर अब इनकम टैक्स नहीं देना होगा। इससे सीधे एक करोड़ परिवार लाभांवित होंगे। नेक्स्ट जेनेरेशन टैक्स फॉर्म जारी किया जाएगा, जो सरल होगा और आसानी से टैक्स भरा जा सकेगा। को ऑपरेशन सेक्टर में 31 मार्च 2024 तक काम शुरू करने वाली नई कंपनियों को 15 फीसदी दी छूट दी जाएगी।
श्री काश्यप ने बजट की सात प्राथमिकताएं सप्तऋषि की जानकारी देते हुए कहा कि इनमें मुख्य रूप से समावेशी विकास, अंतिम छोर अंतिम व्यक्ति तक पहुंच, बुनियादी ढांचा और निवेश, निहित क्षमताओं का विस्तार हरित विकास, युवा शक्ति तथा वित्तीय क्षेत्र है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 अगले तीन वर्षों में लाखों युवाओं को कौशल सम्पन्न बनाने के लिए शुरू की जाएगी। इसमें आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, मेकाट्रॉनिक्स, आईओटी, 3डी प्रिंटिंग, ड्रोन और सॉफ्ट स्किल जैसे पाठ्यक्रम शामिल किए जाएंगे। विभिन्न राज्यों से कुशल युवाओं को अंतरराष्ट्रीय अवसर उपलब्ध कराने के लिए 30 स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर स्थापित किए जाएंगे। 5जी सेवाओं पर आधारित एप्लीकेशन विकसित करने के लिए 100 लैब्स स्थापित की जाएंगी, जिनसे नये अवसरों, बिजनेस मॉडलों और रोजगार संबंधी संभावनाओं को तलाशने में सहायता मिलेगी।
श्री काश्यप ने कहा कि युवाओं को सोचना चाहिए कि सरकार हमारे लिए कितनी चिंतित है। अच्छे बजट से युवाओं का स्वर्णिम भविष्य बनता है। ऐसे बजट से 25 साल बाद का भारत स्वर्णिम भारत बनेगा। इस मौके पर विभिन्न कार्य क्षेत्र से जुड़े युवाओं ने विधायक श्री काश्यप के समक्ष अपने प्रश्न रखे, जिसके जवाब देकर श्री काश्यप ने युवाओं की जिज्ञासा को शांत किया।
एक सवाल के जवाब श्री काश्यप ने कहा कि आरटीओ का टैक्स अधिक लगने पर वे प्रदेश सरकार के बजट में इसे कम करने की बात प्रमुखता से रखेंगे। कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा उपाध्यक्ष गौरव मूणत ने किया। अंत में आभार कार्यलय मंत्री सत्यजीत सिंह राजावत ने माना।

error: Content is protected !!