• Sat. Nov 7th, 2026

डीजे वाहन की टक्कर से बालक की मौत, लोगों ने थाना घेरा

BySurendra Jain

Jan 30, 2023

खबर पक्की, 30 जनवरी, रतलाम/सैलाना। सैलाना-शिवगढ़ मार्ग पर ग्राम मन्याबारी में डीजे वाहन की टक्कर से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। इससे ग्रामीणों में रोष फैल गया। बचने के लिए दुर्घटना के बाद चालक वाहन को तेजगति से चलाते हुए जाने लगा तो भीड़ भी उसके पीछे लग गई।
चालक वाहन लेकर सैलाना थाना पहुंचा व वाहन खड़ा कर दिया। भीड़ वहां पहुंची और चालक को उनके हवाले करने की मांग करने लगी। इससे वहां हंगामे की स्थिति बन गई। लोगों ने थाने का घेराव कर काफी देर तक हंगामा किया। जानकारी के अनुसार शिवगढ़-सैलाना मार्ग पर ग्राम मान्याबारी में आठ वर्षीय सुरेश पुत्र पूंजालाल निवासी भेरूपाड़ा विवाह समारोह में आया था। वहां बारात भी आई थी।
सुरेश सोमवार दोपहर विवाह समारोह स्थल से कुछ दूर अन्य बच्चों के साथ सड़क के किनारे खेल रहा था। तभी तेजगति से आए डीजे वाहन ने सुरेश को चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौक पर ही मौत हो गई।
यह खबर फैलते ही ग्रामीण व बराती मौके पर पहुंचे व वाहन चालक को पकडऩे का प्रयास किया। भीड़ से बचने के लिए चालक वहां से वाहन लेकर भागने लगा तो भीड़ उसके पीछे लग गई। वह जैसे-तैसे वाहन लेकर सैलाना थाना पहुंचा तथा परिसर में वाहन खड़ा करके थाने में चला गया।
इसी बीच पीछे से भीड़ भी वहां पहुंची तो पुलिस ने भीड़ को बाहर रोक दिया। इससे लोग नाराज हो गए और थाने का घेराव कर चालक को भीड़ के हवाले करने की मांग करने लगे। इससे हंगामा होने लगा।
सैलाना एसडीओपी इडला मौर्य, थाना प्रभारी अय्यूब खान व अन्य पुलिस अधिकारी व जवान थाने के बाहर जैसे-तैसे भीड़ को थाने में घुसने से रोकने का प्रयास करते रहे। नाराज लोग मानने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने जैसे-तैसे भीड़ को समझाइश देकर व वहां से खदेड़ कर तितर-बितर किया।तब जाकर मामला शांत हुआ। उधर, सुरेश का शव सैलाना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। लोग अभी भी थाने के बाहर व अस्पताल में डटे हुए है।

error: Content is protected !!