खबर पक्की, 20 जनवरी, रतलाम। नगर जब महानगर की ओर अग्रसर होता है तो अत्याधुनिक विकास की आवश्यकता होती है, इन्ही आवश्यताओं के तहत रतलाम नगर के तीन व्यस्ततम चौराहों पर अत्याधुनिक एडाप्टिव ट्रॉफिक सिग्नल स्थापित किये गये है।
उक्त उदगार विधायक रतलाम शहर चेतन्य काश्यप ने महाराणा प्रताप चौक पर तीन अत्याधुनिक ट्रॉफिक सिग्नल के लोकार्पण के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किये।
उन्होने कहा कि जैसे-जैसे रतलाम नगर महानगर की ओर अग्रसर हो रहा है वैसे-वैसे अत्याधुनिक विकास की आवश्यकता होती है। इन्ही आवश्यकताओं के दृश्टिगत शहर के सबसे व्यस्ततम महाराणा प्रताप चौक, दो बत्ती व लोकेन्द्र टॉकिज चौराहे पर अत्याधुनिक ट्रॉफिक सिग्नल स्थापित किये गये है। श्री काश्यप ने कहा कि महानगरों के व्यस्ततम क्षेत्रों में ट्रॉफिक को डायवर्ट करने हेतु फ्लाई ओवर बनाये जाते है, इसी तर्ज पर रतलाम के सबसे व्यस्ततम क्षेत्र महाराणा प्रताप चौक क्षेत्र में फ्लाई ओवर बनाने की कार्य योजना शासन को प्रेषित की गई है साथ ही हाट की चौकी से रिंग रोड़ निर्माण का प्रस्ताव भी प्रेषित किया गया है।
महापौर प्रहलाद पटेल ने इस अवसर पर कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाये जाने हेतु नगर निगम द्वारा 61.38 लाख की लागत से अत्याधुनिक एडाप्टिव ट्रॉफिक सिग्नल शहर के तीन चौराहों पर स्थापित किये है, इसका कन्ट्रोल सिस्टम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में है कोई भी सिग्नल के नियम तोड़ेगा तो उसके घर चालान आ जायेगा इसलिये नागरिक यातायात सिग्नल के नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करें।
निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि विधायक श्री काश्यप के नेतृत्व में रतलाम नगर से महानगर की ओर तेजी से अग्रसर हो रहा है, यह उसी का परिणाम है कि नगर के तीन व्यस्ततम चौराहो पर आज हम अत्याधुनिक ट्रॉफिक सिग्नल का लोकार्पण करने जा रहे है। कार्यक्रम का संचालन गौरव त्रिपाठी ने किया व आभार श्रीमती सपना त्रिपाठी ने माना।

