• Sat. Nov 7th, 2026

जिला स्तरीय जनसुनवाई में 71 आवेदनों पर हुई सुनवाई, कई आवेदनों पर कलेक्टर ने तहसीलदारों को फोन लगाकर निराकरण हेतु निर्देशित किया

BySurendra Jain

Jan 3, 2023

खबर पक्की, 3 जनवरी, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्टर सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस दौरान कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के अलावा सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, एसडीएम संजीव पांडे, डिप्टी कलेक्टर श्री त्रिलोचन गौड़ द्वारा भी जनसुनवाई की गई। 71 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा राजस्व संबंधी कई आवेदनों पर संबंधित तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों को फोन कॉल करके वस्तुस्थिति की जानकारी ली गई। समय सीमा देते हुए निराकरण हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान पिपलोदा तथा ढोढर के आवेदन अधिक प्राप्त होने पर संबंधित नायब तहसीलदारों के विरुद्ध सख्त नाराजगी प्रकट की गई। साथ ही निर्णय लिया कि जिला मुख्यालय से अधिकारियों का दल भेजकर पिपलोदा तथा ढोढर राजस्व न्यायालयों में कार्रवाई की जांच की जाएगी। इसी प्रकार कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी रास्तों के विवाद, निपटारा प्रकरणों का निपटारे कर दिए जाएं। आगामी जनसुनवाई में कोई भी रास्ते का विवाद संबंधी प्रकरण नहीं आए अन्यथा तहसीलदार, नायब तहसीलदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने रतलाम नगर निगम क्षेत्र से संबंधित 2 आवेदनों में शिकायत पर कार्यपालन यंत्री श्री जायसवाल को तत्काल मौके पर जाकर निराकरण के निर्देश दिए। इनमें से एक प्रकरण गोकुलधाम कॉलोनी का भी है। ग्राम शिवगढ़ की आवेदिका मधुबाला मगरिया के आवेदन में पाया गया कि संबंधित सहायक वर्ग 2 द्वारा फाइल में अनावश्यक देरी की जा रही है। कलेक्टर ने उसका वेतन रोकने के निर्देश दिए। पिपलोदा तहसील के ग्राम बरखेडी में किसी व्यक्ति द्वारा दो स्थानों से पेंशन लेने का मामला पाया गया। कलेक्टर ने उस व्यक्ति पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
ढोढर सरपंच द्वारा कई व्यक्तियों के साथ आकर भूमि की गड़बड़ी के मामले बताए गए। कलेक्टर द्वारा एसडीएम जावरा को तत्काल जांच करके निराकरण हेतु निर्देशित किया गया। ग्राम आजमपुर के आवेदक पन्नालाल द्वारा सोले शियम फंड योजना का लाभ नहीं देने की शिकायत की गई। कलेक्टर ने तत्काल पिपलोदा तहसीलदार को फोन लगाकर कहा कि आवेदक को लाभ क्यों नहीं दिया जा रहा है तत्काल लाभ प्रदान करें।
सज्जन मिल की चाल निवासी रश्मि पंवार ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थिया के पति की मृत्यु दिसम्बर 22 में हो चुकी है तथा परिवार का भरण-पोषण तथा बच्चों की शिक्षा भी ठीक से नहीं हो पा रहा है। अत: प्रार्थिया को आर्थिक मदद की जाए। प्रकरण में जांच कर मदद के निर्देश जारी किए गए।
जवाहर नगर सी कालोनी के रहवासियों द्वारा दिए गए संयुक्त आवेदन में कहा गया है कि जवाहर नगर सी कालोनी में सडक निर्माण का कार्य किया जा रहा है। उक्त क्षेत्र में रहने वाले अधिकांश निवासियों के निर्मित मकान लिगल है फिर भी उन्हें परेशान किया जा रहा है जबकि उक्त क्षेत्र में कई लोगों द्वारा अतिक्रमण कर रखा है जिन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कृपया उचित न्याय किया जाए। आवेदन निराकरण के लिए निगम आयुक्त को प्रेषित किया गया है।

error: Content is protected !!