खबर पक्की, 1जनवरी, रतलाम। रतलाम शहर सदा से अपनी धार्मिक गतिविधियों एवं भावनाओं से ओतप्रोत रहता आया है। इस बार पुन: एक ऐसा अवसर आया है जिससे रतलाम शहर नववर्ष में धर्ममय होगा। आगामी 12 से 15 जनवरी 2023 की तिथियों में मकर संक्रांति पर्व पर अखिल विश्व गायत्री परिवार रतलाम शाखा द्वारा शहर में 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह यज्ञीय कार्यक्रम रतलाम शहर के मध्य स्थित राजीव गाँधी सिविक सेंटर प्रांगण, काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर के पास बनाए जाने वाले यज्ञस्थल पर आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक रखी गई। जिसमें कई दानदाता आगे आए है।
शहर में 12 साल बाद होने जा रहे 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ की पूर्व तैयारियों को लेकर बैठक रविवार को कालिका माता मंदिर स्थित मांगलिक हाल पर हुई। मंच पर भजन की प्रस्तुति ऋतु सैनी, डॉली साहू ने दी। बैठक के पहले मिलन समारोह रखा गया। स्वागत भाषण मुख्य ट्रस्टी गायत्री परिवार ट्रस्ट नगर रतलाम पातीराम शर्मा ने देते हुए कार्यक्रम की रुपरेखा पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, समाजसेवी अनिल झालानी, सनातन सोशल ग्रुप के संयोजक मुन्नालाल शर्मा, गोविंद काकानी राधावल्लभ खंडेलवाल, रत्नदीप निगम, अरुण राव, राजपूत समाज से राजेंद्र गोयल, जनक नागल, सोहन लाल व्यास, राठौर समाज अध्यक्ष कैलाश जमादार, राजेंद्र राठौड़ आदि ने संबोधित किया। साथ ही समाजसेवी अनिल झालानी ने कार्यक्रम के आयोजन को लेकर 1 लाख 11 हजार रुपए देने, बीएल पुरोहित द्वारा 21000 अनुदान की घोषणा की गई है। इसके अलावा महेंद्र चौहान की तरफ से 1 क्विंटल हवन सामग्री व अगरबत्ती, पूर्व रतलाम केसरी जगदीश पहलवान एवं शंकरलाल राठौड़ की तरफ से 11 क्विंटल शक्कर देने की घोषणा की। बाहर से आने वाले लोगों को ठहराने के लिए राजेंद्र गोयल ने राजपूत बोर्डिंग व जनक नागल ने समाज की धर्मशाला में ठहराने की व्यवस्था करने की बात कही। बैठक में निर्णय लिया गया कि कलश यात्रा को लेकर शहर के 49 वार्डों में से महिलाओं को इस आयोजन से जोड़ कर शामिल किया जाए। साथ ही अन्य मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान गायत्री परिवार के शिवपाल छत्री सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन, मातृ शक्ति, गायत्री परिवार सदस्य मौजूद रहे। संचालन विकास सेवाल ने किया। आभार पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश प्रभु राठौड़ ने माना।


