रतलाम। रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप के कार्यकाल के 4 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पार्षद का भाषण, कांग्रेस पार्टी के नेताओं के बीच ही चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस से 3 बार पार्षद रहे रजनीकांत व्यास ने कार्यक्रम के दौरान भाजपाई विधायक काश्यप की जमकर तारीफ की और उनके अपने दल से सांसद कांतिलाल भूरिया का नाम तक नहीं लिया। यह भाषण सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सांसद भूरिया भी खासे नाराज हो गए, खबर है कि उन्होंने अपने ही दल के सीनियर पार्षद के खिलाफ अनुसाशनात्मक कार्रवाई के निर्देश शहर अध्यक्ष को दिए है। मामले में अब पार्षद को नोटिस दिए जाने की तैयारी है। रजनीकांत व्यास नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल के सचेतक भी है।
दरअसल, 8 दिसंबर को विधायक चेतन्य काश्यप के कार्यकाल के 4 साल पूरे होने पर बजरंग नगर में रहवासियों को अफोर्डेबल हाउस संबंधी पंजीयन पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। क्षेत्रीय पार्षद होने के नाते रजनीकांत व्यास इस कार्यक्रम में शामिल हुए, यहां तक तो ठीक था। व्यास जब भाषण देने खड़े हुए विधायक काश्यप की तारीफ करते चले गए, यहां तक कह दिया कि पिछले 30 साल में ऐसा विकास इलाके के लोगों ने कभी नहीं देखा। कार्यक्रम के बाद उनके भाषण का वीडियों का विधायक कार्यालय से ही सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। किसी ने इस भाषण को सांसद कांतिलाल भूरिया तक पहुंचा दिया। इसके बाद सांसद का नाराज होना भी लाजिमी था। कांग्रेसी पार्षद ने भाजपा विधायक की तारीफ की और अपने ही दल के सांसद को याद भी नहीं किया, लिहाजा भूरिया ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष को फोन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कह दिया। अलग-अलग गुटों में बंटी शहर कांग्रेस के ही कई सारे नेताओं के बीच अब पार्षद व्यास के भाषण का यह वीडियों चर्चाओं में बना हुआ है। कुछ लोग पार्षद के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए दबाव बना रहे है तो कुछ उनका समर्थन कर रहे है। हालांकि अब तक उन्हें पार्टी की ओर से कोई नोटिस जारी नहीं किया गया है। Emprisebank.com
