• Wed. Sep 23rd, 2026

रतलाम जिले में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां जोरों पर, लगभग 3 लाख घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य, समूहों की करीब 300 महिलाएं झंडा निर्माण में जुटी

BySurendra Jain

Jul 15, 2022

खबर पक्की, 15 जुलाई, रतलाम। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के निर्देशन में रतलाम जिले में भी हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी जोरों पर है। जिला प्रशासन से लेकर शासकीय अशासकीय संस्थाओं के पदाधिकारी राष्ट्रीयता की भावना से ओतप्रोत होकर अभियान से जुड़ रहे हैं। आगामी 11 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान संचालित होगा।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बताया कि अभियान के दौरान शत-प्रतिशत घरों में झंडा फहराया जाएगा। जिले के लगभग 3 लाख घरों पर तिरंगा फहराए जाने का लक्ष्य है। झंडा निर्माण के लिए जिले द्वारा संस्कृति विभाग को मांग पत्र प्रेषित कर दिया गया है। जिले में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी तेजी से तिरंगा निर्माण के लिए जुड़ गई हैं, लगभग 300 महिलाएं तिरंगा निर्माण कर रही है। हर घर तिरंगा अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर के निर्देशन में विभिन्न बैठकें आयोजित की जा रही हैं। जिला स्तरीय समिति से लेकर स्वयंसेवी संस्थाओं, औद्योगिक तथा व्यापारिक संगठनों एवं विभिन्न समाजों के प्रमुखों की बैठकें आयोजित किए जाने का प्रावधान किया जाकर अभियान की सफलता सुनिश्चित की गई है।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जमुना भिडे ने बताया कि महाविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों के माध्यम से उनके परिवारजनों, पड़ोसियों तथा सम्पर्क वाले व्यक्तियों इत्यादि को भी तिरंगा महोत्सव के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। झंडा संहिता की जानकारी ध्वनि विस्तारक यंत्रों, पैंफलेट ब्रोशर इत्यादि के माध्यम से दी जाएगी। शासकीय अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा भी उत्साह के साथ तिरंगा महोत्सव में भाग लेकर राष्ट्रीय भावना का प्रसार किया जाएगा। इसके लिए अधिकारी, कर्मचारी अपने वेतन से तिरंगा निर्माण हेतु राशि आमजनों को उपलब्ध कराएंगे, इसके अलावा जन सहयोग से तिरंगा निर्माण का प्रावधान किया गया है।
राष्ट्रीय गौरव के प्रति सम्मान से भरे उक्त आयोजन की तैयारियों के संबंध में धरातल स्तर पर कार्य किया जा रहा है। मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षित किए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को झंडा निर्माण के लिए प्रशिक्षित किया गया है। एनआरएलएम के जिला समन्वयक श्री हिमांशु शुक्ला ने बताया कि अभी 300 महिलाएं झंडा निर्माण में जुटी है आगे और भी महिलाएं उक्त कार्य से जुड़ेंगी।
जिले के शासकीय कार्यालयों में भी झंडा फहराया जाएगा। इसके लिए कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया जा चुका है। लगभग पांच हजार शासकीय कार्यालयों में झंडा फहराया जाने का लक्ष्य है जिसकी तैयारियां कार्यालयों द्वारा की जा रही हैं।
शुक्रवार को रतलाम जनपद प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 11 से 17 अगस्त तक आयोजित हर घर तिरंगा अभियान के सफल आयोजन हेतु शुक्रवार को रतलाम जनपद पंचायत में भी बैठक आयोजित की गई, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रामपाल सिंह करजरे ने तिरंगा अभियान की जानकारी दी। तिरंगा हमारे देश की शान है और इसके सम्मान और स्वाभिमान के प्रति हम सब को तत्पर रहते हुए तिरंगा लगाने हेतु ग्रामीणजनों को प्रेरित करने के लिए श्री करजरे ने कार्ययोजना बताई। तिरंगा अभियान प्रशिक्षण के मास्टर ट्रेनर जन अभियान परिषद ब्लॉक समन्वयक श्री शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत हम सबका यह प्रशिक्षण तिरंगा अभियान को सार्थक करेगा। बताया गया कि सभी पंचायत सचिव, परियोजना समन्वयक एवं अधिकारी कर्मचारी गांव-गांव में दीवार लेखन, बैठक, रैलियों और चौपाल के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान हेतु जागरूकता लाएंगे।
स्थान-स्थान पर विभिन्न प्रकार के स्टीकर आदि लगाकर अभियान का प्रचार प्रसार करेंगे। बताया कि जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन समितियां, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सबके सहयोग से कार्य करेंगे। प्रत्येक व्यक्ति स्वयं के लिए झंडा खरीदे, अपने घर पर लगाएं, उसका सम्मान करें। उक्त प्रशिक्षण कार्यशाला में जनपद पंचायत के सुशील आर्य, सोहनसिंह ठाकुर, प्रकाश मईडा, पंचायत समन्वयक अधिकारी, सचिव, रोजगार सहायक आदि उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!