खबर पक्की, 30 जून, रतलाम। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के द्वितीय चरण में 1 जुलाई शुक्रवार को रतलाम जिले के सैलाना एवं योजना विकासखंड में मतदान की प्रक्रिया होगी। मतदान प्रात: 7 बजे से आरंभ होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसके पश्चात मतदान केंद्र पर होने वाली मतगणना होगी। इन विकासखंडों में मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण संबंधित विकासखंड मुख्यालय से गुरूवार को किया गया।
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन हेतु राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. अशोक भार्गव ने सैलाना, बाजना में मतदान सामग्री वितरण स्थल पर पहुंचकर मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित करने की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने मौसम को दृष्टिगत रखते हुए मतदान दलों को सामग्री सावधानीपूर्वक वितरित करने एवं उन्हें मतदान केंद्रों तक व्यवस्थित पहुंचाने के निर्देश दिए। संबंधित विकासखंड मुख्यालय से मतदान दल सामग्री प्राप्त करने के उपरांत मतदान केंद्रों पर पहुंचे तथा मतदान केंद्रों की सभी व्यवस्थाएं पूर्ण की।
द्वितीय चरण में रतलाम जिले के बाजना एवं सैलाना विकासखंड में मतदान प्रक्रिया होगी। बाजना विकासखंड में जनपद क्षेत्रों/वार्डों की संख्या 20 है। ग्राम पंचायत 65 एवं वार्ड संख्या 1085 है। यहां 199 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। बाजना में कुल 109564 मतदाता हैं। इनमें 54108 पुरुष मतदाता एवं 55456 महिला मतदाता हैं।
सैलाना विकासखंड में जनपद क्षेत्रों/वार्डों की संख्या 15 हैं। ग्राम पंचायतों की संख्या 47 एवं वार्ड संख्या 823 हैं। यहां 156 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सैलाना में कुल मतदाता 85904 हैं। इनमें पुरुष मतदाता और 42062 एवं महिला मतदाता 43842 हैं।
निर्वाचन प्रेक्षक डॉ. अशोक भार्गव ने सैलाना, बाजना क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. अशोक भार्गव ने रतलाम जिले की सैलाना-बाजना विकासखंड में पंचायत निर्वाचन के तहत होने वाली मतदान प्रक्रिया से पूर्व विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। सैलाना-बाजना विकासखंड में 1 जुलाई को मतदान होना है।
डॉ. भार्गव ने दोनों विकासखंड क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का अवलोकन कर वहां की व्यवस्था को देखा। मतदान सामग्री के साथ उपस्थित हो चुके मतदान दल द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मतदान दिवस पर मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं को भी देखा तथा निर्देश दिए कि मौसम को दृष्टिगत रखते हुए मतदाताओं को मतदान केंद्र के बाहर कतारबद्ध होने की स्थिति में आवश्यक व्यवस्था की जाए। उन्होंने मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा मतदान केंद्र तक पहुंचने के मार्ग को व्यवस्थित करने संबंधी निर्देश भी दिए।
डॉ. भार्गव ने इस दौरान आडवानिया के दो मतदान केन्द्रों, शिवगढ़ के दो मतदान केंद्रों, खेरदा के दो मतदान केंद्रों, पिपलीपाड़ा के दो मतदान केन्द्रों तथा छावनी झोडिय़ा के दो मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
सैलाना में तेज बारिश से सामग्री वितरण केंद्र पर उखड़े टेंट और तंबू, कीचड़ में फंसी बसों को ट्रैक्टर से निकाला
जिले में मानसून की पहली झमाझम बारिश जहां राहत लेकर आई है। वहीं, बारिश ने पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में जुटे प्रशासन के लिए मुश्किल हालात पैदा कर दिए हैं। रतलाम क सैलाना में दूसरे चरण के मतदान के लिए सामग्री वितरण और मतदान दलों को रवाना करने में बारिश की वजह से प्रशासन को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह 9:00 बजे से शुरू हुई जोरदार बारिश से सामग्री वितरण केंद्र के टेंट और तंबू गिर गए। वहीं , मतदान दिलों को लेकर जाने वाले वाहन भी बारिश की वजह से कीचड़ में फंस गए। कीचड़ में फंसे वाहनों को निकालने के लिए उन्हें ट्रैक्टर से खींच कर सड़क तक लाना पड़ा है।

