खबर पक्की, 7 जून, रतलाम। मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है । त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन एवं नगरीय निकाय निर्वाचन के प्रति लोगों को अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने का अभियान जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। उसके माध्यम से विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पीले चावल देकर मतदान का महत्व समझाया जा रहा है। हथेली पर बिखरी हिना और द्वार पर सजी रांगोली भी संदेश दे रही है मेरा मत मेरा अधिकार। घरों के बाहर आकर्षक सजावट कर मतदाताओं को मतदान के महत्व से परिचित करवाया जा रहा है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका द्वारा परियोजना पिपलोदा सेक्टर अंतर्गत सुखेड़ा में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत रांगोली बनाकर मतदाताओं को जागरूक किया गया। मून्दड़ी सेक्टर में मतदाताओं को शपथ दिलवा कर मतदान का महत्व समझाया गया। परियोजना आलोट में मतदाताओं को पीले चावल देकर, मतदान करने के लिए आमंत्रित किया गया। लालगुवाड़ी रतलाम, ऊनी, उंडवा, सालरापाड़ा चंद्रगढ़ में रैली निकालकर जागरुकता का सन्देश दिया गया।

