• Sat. Nov 7th, 2026

जनसुनवाई में 102 आवेदनों के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए

BySurendra Jain

May 10, 2022

खबर पक्की, 10 मई, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर एम.एल. आर्य, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, अपर कलेक्टर अभिषेक गहलोत, एसडीएम संजीव पांडे, एसडीएम सुश्री कृतिका भीमावद, डिप्टी कलेक्टर मनीष जैन द्वारा जनसुनवाई की गई। 102 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निराकरण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में विक्रम नगर के रहवासियों द्वारा संयुक्त रुप से दिए गए आवेदन में बताया गया कि विक्रम नगर में काफी वर्षों से समस्याएं व्याप्त हैं बरसात का पानी घरों में घुस जाता है, समीप के नाले की सफाई नहीं हुई, क्षेत्र में कुत्तों का आतंक है, कई बार निगम में आवेदन दिए जा चुके हैं परन्तु समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया है। आवेदन निराकरण हेतु निगम आयुक्त को सख्ती से निर्देशित किया गया। नाहरपुरा रतलाम निवासी रमेशसिंह राठौर ने बताया कि प्रार्थी द्वारा म.प्र. गृह निर्माण मण्डल से भूखण्ड क्रय किया गया था जिस पर भवन निर्माण की अनुमति चाही गई थी परन्तु निगम के पोर्टल पर गृह निर्माण मण्डल का भूखण्ड प्रदर्शित नहीं होने से भवन निर्माण की अनुमति नहीं मिल रही है। अत: अनुमति प्रदान की जाए। आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभाग को प्रेषित किया गया है।
जनसुनवाई के दौरान हाट रोड निवासी मुबारिक हुसैन ने बताया कि प्रार्थी का एक मकान बालाजी टाउन में स्थित है जिसे मेरे पुत्र ने आठ माह पूर्व 4 हजार रुपए प्रतिमाह किराये पर प्राप्त किया था परन्तु आज दिनांक तक मेरे पुत्र ने न तो मकान का किराया दिया है और न ही उक्त मकान को खाली कर रहा है। साथ ही उक्त भवन के दूसरे भाग को किसी अन्य व्यक्ति को किराये पर देने दिया जा रहा है। प्रार्थी वृद्ध होकर बीमार रहता है तथा पुत्र द्वारा दी जा रही धमकियों से भयभीत है। कृपया निराकरण किया जाए। आवेदन संबंधित विभाग को निराकरण हेतु भेजा गया है।

error: Content is protected !!