रतलाम। रतलाम शहर के सबसे मध्य दो बत्ती काला घोड़ा चौराहे पर स्थित मोबाइल शो-रूम में हुई चोरी जैसी ही एक ओर घटना मंगलवार तड़के उज्जैन में भी हुई है। रतलाम और उज्जैन दोनों ही जगहों पर हुई मोबाइल शो-रूम पर चोरी की घटनाओं में कई सारी ऐसी समानताएं है जो यह दर्शाती है कि दोनों ही वारदातों में किसी एक ही गैंग का हाथ है।
उज्जैन के टॉवर चौक चौराहे पर स्थित ओप्पो मोबाइल के शो-रूम पर चोरी की यह वारदात हुई है। चोर यहां से करीब 5 लाख रूपए कीमत के मोबाइल फोन चुरा ले गए है। 17 नवंबर की सुबह ठीक इसी तरह की वारदात रतलाम के काला घोड़ा चौराहे स्थित मोबाइल शोरूम पर हुई है। यहां से भी चोर करीब 10 लाख रूपए कीमत के फोन चुरा ले गए है। खास बात यह है कि ये दोनों ही जगहें ऐसी है जहां पुलिस गश्त का स्थाई पाइंट है और ये दोनों ही मुख्य चौराहे है। दोनों ही जगहें ऐसी है जहां रात्रि के समय भी आवागमन बना रहता है। दोनो ही वारदातों में शटर का नकूचा तोड़कर चोर दुकान के भीतर घुसे। दोनों ही वारदातों में केवल कीमती मोबाइल फोन ही चुराए गए है, सस्ते फोन छोड़ दिए गए। दोनों ही वारदात को चोरों ने तड़के यानि अल सुबह अंजाम दिया। एक ओर खास बात दोनों वारदातों को आपस में जोड़ती है। रतलाम की चोरी की तफ्तीश के दौरान पुलिस को रेल्वे स्टेशन से जिन संदिग्ध युवकों के सीसीटीवी फुटेज मिले है, उन्हीं के उज्जैन रेल्वे स्टेशन पर उतरते हुए फुटेज भी मिले है।
